पीतांबरा पीठ के सामने ओवरब्रिज बनने की घोषणा : केंद्रीय मंत्री गडकरी बोले मैं जो कहता हूं वो काम पूरा ही होता, दतिया को मिली दो बड़ी महासौगातें

Datia News : दतिया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को अल्प प्रवास के दौरान दतिया नगर को दो बड़ी महासौगात देने की घोषणा की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहाकि वो जो घोषणा करते हैं वह अवश्य पूरी भी होती है। केंद्रीय मंत्री गडकरी सोमवार सुबह 11 बजे सपरिवार हैलीकाप्टर से दतिया पहुंचे।

दतिया हवाई पट्टी पर गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा और प्रभारी मंत्री सुरेश धाकड़ ने उनकी आगवानी की। इस मौके पर सांसद संध्या राय, भांडेर विधायक रक्षा संतराम सिरौनिया, कलेक्टर संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड, अपर कलेक्टर कमलेश भार्गव सहित भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बुधौलिया, नपा दतिया अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगुला, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि धीरू दांगी, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष लशकरी, भाजपा जिला मंत्री अतुल भूरे चौधरी आदि ने पुष्पगुच्छ देकर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। हवाई पट्टी पर भांडेर विधायक रक्षा सिरौनिया और प्रभारी मंत्री सुरेश धाकड़ ने भी एक मांग पत्र केंद्रीय मंत्री को सौंपा।

हवाई पट्टी से केंद्रीय मंत्री गडकरी सीधे पीतांबरा पीठ पहुंचे। जहां उन्होंने सपत्नीक विशेष पूजा अर्चना की। उन्होंने पीठ के अन्य मंदिरों के दर्शन करने के साथ महाभारत कालीन वन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक भी किया। पीठ के बाहर में मौजूद पत्रकारों के सवालों के जबाब में केंद्रीय मंत्री ने कहाकि वह अपने दतिया प्रवास के दौरान यहां दो सौगातें देकर जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पीतांबरा मंदिर के सामने ओवर ब्रिज और हवाई पट्टी से बम-बम महादेव चौराहे तक सीमेंट-कांक्रीट रोड बाइपास की मंजूरी मांगी गई थी। दोनों ही मांगों को मंजूरी दे दी गई है। इसे लेकर जल्द ही काम शुरू होगा। इसके बाद गडकरी दतिया से ओरछा के लिए रवाना हो गए।

गृहमंत्री डा.मिश्रा का दोनों मांगों को मिली मंजूरी : केंद्रीय मंत्री ने कहाकि पीतांबरा पीठ के सामने ओवर ब्रिज सहित बाइपास रोड की मांग को लेकर गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा द्वारा उन्हें पत्र भेजा गया था। यह दोनों मांगें वह स्वीकृत करने की घोषणा कर रहे हैं। उन्होंने कहाकि ओवर ब्रिज और रोड संबंधी काम जल्दी ही शुरू होगा। इस ओवरब्रिज के बन जाने से पीतांबरा पीठ के सामने आवागमन सुविधा का विस्तार हो जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!