कॉलेज में एडमिशन का एक और मौका : 21 से 31 अगस्त तक CLC, खाली सीटों पर मिलेगा प्रवेश

भोपाल | शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कॉलेज में दाखिले से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने एक और अवसर दिया है। स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की खाली सीटों पर 21 से 31 अगस्त 2026 तक अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग (CLC) आयोजित की जाएगी। इस चरण में प्रवेश “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर दिया जाएगा।

विभाग के अनुसार यह प्रक्रिया प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों के लिए लागू होगी। इच्छुक विद्यार्थियों को निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। 31 अगस्त के बाद इस चरण के तहत प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

NCTE पाठ्यक्रमों के लिए भी नया मौका : उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) से जुड़े पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय अतिरिक्त चरण की समय-सारणी भी जारी की है।

इस चरण में विद्यार्थी 20 से 24 अगस्त तक पंजीयन और आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के दस्तावेजों का सत्यापन 20 से 25 अगस्त तक होगा। इसके बाद 27 अगस्त को मेरिट सूची जारी की जाएगी और 29 अगस्त को सीट आवंटन किया जाएगा।

29 अगस्त से शुरू होगा प्रवेश का अगला चरण : सीट आवंटित होने के बाद विद्यार्थियों को 29 अगस्त से 2 सितंबर तक संबंधित हेल्प सेंटर पर पहुंचकर मूल दस्तावेज और टीसी/माइग्रेशन प्रमाण-पत्र के साथ भौतिक सत्यापन कराना होगा। साथ ही लिंक ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।

आवंटित कॉलेज में प्रवेश शुल्क जमा करने की सुविधा 29 अगस्त से 3 सितंबर तक रहेगी। निर्धारित समय तक फीस जमा नहीं करने पर संबंधित विद्यार्थी का प्रवेश मान्य नहीं माना जाएगा।

उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि पूरी प्रक्रिया तय समय-सीमा में पूरी कराई जाए और विद्यार्थियों को प्रवेश से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter