मध्यप्रदेश में इसी सत्र से शुरू होगा एक और शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय : CM डॉ. मोहन यादव ने की बड़ी घोषणा, मुंह के कैंसर की रोकथाम व उपचार के लिए बनेगी ‘ओरल हेल्थ पॉलिसी

भोपाल। मध्यप्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और मुख स्वास्थ्य (ओरल हेल्थ) सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को बड़ी घोषणाएं कीं। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित ‘मध्यप्रदेश राज्य दंत परिषद’ के हीरक जयंती समारोह एवं युवा दंत चिकित्सक संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि प्रदेश में इसी शैक्षणिक सत्र से एक और शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय (Government Dental College) प्रारंभ किया जाएगा।

इसके साथ ही उन्होंने मुंह के कैंसर (Oral Cancer) की रोकथाम और बेहतर उपचार के लिए राज्य दंत परिषद को ‘ओरल हेल्थ पॉलिसी’ का ड्राफ्ट तैयार कर प्रस्तुत करने का सुझाव दिया। समारोह में मुख्यमंत्री ने लोक सेवा आयोग (PSC) से चयनित नवनियुक्त दंत चिकित्सकों को बधाई दी तथा उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले दंत चिकित्सकों को सम्मानित भी किया।

मेडिकल शिक्षा और रोजगार के नए आयाम: 2 साल में भरे जाएंगे 2 लाख पद : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना और युवाओं के लिए सृजित हो रहे रोजगार अवसरों का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया:

  • मेडिकल और आयुर्वेदिक कॉलेजों का विस्तार: उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2002-03 तक मात्र 5 मेडिकल कॉलेज थे, जो वर्ष 2023 में 19 हुए और आज बढ़कर 33 हो गए हैं। इसी प्रकार एक वर्ष के भीतर राज्य में 9 नए शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेजों की शुरुआत की गई है तथा मंडला, डिंडौरी व सागर सहित प्रत्येक जिले में चिकित्सा संस्थान खोले जा रहे हैं।

  • वर्ष 2027 होगा ‘युवा वर्ष’: नारी कल्याण और किसान कल्याण के बाद राज्य सरकार अब वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में समर्पित करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 85 हजार पदों पर भर्ती की जा चुकी है और आगामी दो वर्षों में 2 लाख रिक्त पद भरे जाएंगे, साथ ही वर्ष में दो बार पीएससी (PSC) परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त वर्षों से लंबित पदोन्नति का रास्ता खुलने से एक लाख से अधिक शासकीय सेवक लाभान्वित हुए हैं।

युवा चिकित्सकों को मंत्र: किफायती इलाज और पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाएं : युवा दंत चिकित्सकों से सीधा संवाद करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समाज में चिकित्सकों का स्थान अत्यंत सम्मानजनक है, इसलिए वे अपने पेशे में शुद्धता, अपनापन और पारदर्शिता लाते हुए जरूरतमंद वर्ग को कम खर्च में बेहतर इलाज उपलब्ध कराएं।

उन्होंने युवाओं को व्यवस्थित दिनचर्या, संतुलित जीवनशैली, योग एवं ध्यान अपनाने और शत-प्रतिशत सकारात्मक ऊर्जा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को म.प्र. दंत चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. चंद्रेश शुक्ला और डॉ. सत्य प्रकाश शर्मा ने भी संबोधित किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!