फायरिंग में घायल दूसरे युवक ने भी दमतोड़ा : ऋषभ के बाद पुष्पेंद्र की भी टूटी सांसें, पुलिस ने चार हमलावर और नामजद किए

Datia news : दतिया। हाइवे पर फायरिंग की हुई घटना में एक के बाद एक घायल युवकों ने दमतोड़ दिया। गुरुवार को ऋषभ चंसौरिया की मौत के अगले ही दिन घायल पुष्पेंद्र वर्मा की भी सांस टूट गई। ताबड़तोड़ फायरिंग की इस घटना में अब तक मरने वालों की संख्या दो हो गई। वहीं घायल अन्य चारों युवकों का उपचार जारी है।

गंभीर घायल शेखू झांसी में उपचाररत बताया जाता है। वहीं इस घटना को लेकर पुलिस ने मामले में चार अन्य आरोपितों को भी नामजद किया है। इस तरह आपराधिक घटना में आधा दर्जन लोग पुलिस ने नामजद कर लिए हैं।

पुलिस के मुताबिक घायल पुष्पेंद्र वर्मा पुत्र रामकुमार वर्मा निवासी गणेशघाट को दतिया से रेफर करने के बाद नवजीवन अस्पताल झांसी हालात में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी हालत में सुधार न होने पर वहां से ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

बुधवार देर रात हाइवे स्थित फौजी पठान ढाबा पर हुई फायरिंग घटना में गंभीर रूप से दूसरे घायल युवक पुष्पेंद्र वर्मा की भी शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह उक्त मामले में दो घायलों की मौत हो गई है।

जबकि अन्य घायल उपचाररत हैं। इससे पहले घटना के बाद तीन गोली लगने से मरणासन्न हालत में अस्पताल पहुंचे ऋषभ चंसोरिया ने दमतोड़ दिया था।

चार हमलावर और हुए नामजद : बड़ौनी थाना प्रभारी रमेश शाक्य ने बताया कि इस घटना में सजल शर्मा एवं शंकर यादव के साथ ही अन्य आरोपितों को भी नामजद किया गया है। जिनमें भोला यादव, दीपू यादव, प्रदीप उर्फ छोटू पाल, कोकसिंह अहिरवार निवासीगण दतिया शाामिल हैं।

उक्त आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीम संबंधित स्थानों पर दबिश दे रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी जल्दी ही कर ली जाएगी।

बता दें कि बुधवार देर रात हाइवे स्थित पठान फौजी ढावे पर खाना खाने के दौरान ऋषभ चंसौरिया, पुष्पेंद्र वर्मा, शेखू, विपिन साहू, राधे यादव व जय प्रताप पर उक्त हमलावरों ने आपसी विवाद के चलते कट्टे से फायरिंग कर दी थी।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter