नीट-पीजी 2026 : 2.65 लाख से अधिक डॉक्टर हुए शामिल,जयपुर के दो केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी; प्रभावित 2,445 अभ्यर्थियों की पुनर्परीक्षा 5 सितंबर को !
world health day 2022 quotes in hindi

नई दिल्ली। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS) ने रविवार, 30 अगस्त को देशभर में कड़ी सुरक्षा और लाइव मॉनिटरिंग के बीच नीट-पीजी 2026 परीक्षा संपन्न कराई। देश के सभी 36 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 339 शहरों में बनाए गए 1,111 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 2.65 लाख से अधिक अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। इनमें से लगभग 2.63 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी तरह निर्बाध रूप से संपन्न हुई।

लाइव सीसीटीवी और बायोमेट्रिक सत्यापन से पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था : परीक्षा में पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए एनबीईएमएस ने बहुस्तरीय सुरक्षा तंत्र लागू किया था। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक व डिजिटल सत्यापन प्रक्रिया अपनाई गई। इसके अलावा, देशभर में 16 क्षेत्रीय कमांड सेंटर सक्रिय रहे और द्वारका स्थित मुख्यालय से सभी केंद्रों की लाइव सीसीटीवी निगरानी की गई। परीक्षा प्रक्रिया के निरीक्षण के लिए 2,500 से अधिक स्वतंत्र एप्रेजर और 700 से अधिक वरिष्ठ प्रोफेसरों व मेडिकल अधीक्षकों के उड़नदस्ते (फ्लाइंग स्क्वॉड) तैनात किए गए थे।

जयपुर के दो केंद्रों पर बिजली गुल होने से आई तकनीकी रुकावट : देशभर में परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न होने के बीच राजस्थान के जयपुर स्थित आईओएन डिजिटल जोन (सीतापुरा केंद्र) पर अप्रत्याशित तकनीकी खराबी सामने आई। आंतरिक विद्युत आपूर्ति बाधित होने के चलते केंद्र क्रमांक 41682 और 41683 पर मौजूद 2,445 अभ्यर्थी अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके।

प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को विशेष परीक्षा : एनबीईएमएस ने तकनीकी खराबी के कारण अभ्यर्थियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए त्वरित निर्णय लिया है। बोर्ड ने घोषणा की है कि जयपुर केंद्र के प्रभावित सभी 2,445 अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा शनिवार, 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3:00 बजे आयोजित की जाएगी। इसके लिए नए परीक्षा केंद्र व विस्तृत दिशा-निर्देश संबंधित उम्मीदवारों को सीधे प्रेषित किए जाएंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter