Apple ने iPhone को हैक करने वाली खामी को किया दूर, हैकिंग के पीछे NSO ग्रुप का बताया जा रहा हाथ

बोस्टन : एपल ने आइफोन और अन्य डिवाइस से संबंधित बड़ी खामी को दूर किया है। इस खामी की मदद से यूजर की जानकारी के बिना ही उसके डिवाइस में सेंध लगाना संभव था।

एपल ने इस सिक्योरिटी खामी को दूर करने के लिए साफ्टवेयर पैच जारी किया है। यूनिवर्सिटी आफ टोरंटो की सिटीजन लैब के शोधकर्ताओं ने बताया कि सऊदी के एक सामाजिक कार्यकर्ता के आइफोन में इस खामी के जरिये स्पाईवेयर (फोन में जासूसी करने वाला वायरस) डाला गया था।

माना जा रहा है कि इसके पीछे इजरायल के एनएसओ ग्रुप का हाथ था, जो पैसे के बदले हैकिंग करता है। पेगासस स्पाईवेयर इसी का है। सिटीजन लैब ने पहले भी इस खामी के कुछ प्रमाण जुटाए थे, लेकिन स्पाईवेयर का पता नहीं लगा था।

विशेषज्ञों का कहना है कि सामान्य आइफोन यूजर्स को परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इस तरह के साइबर हमलों के जरिये कुछ चुनिंदा लोगों को ही निशाना बनाया जाता है। यह जानकारी सिक्योरिटी प्रोफेशनल्स के लिए जरूर एक चेतावनी है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter