Datia News : दतिया। आवेदन निवेदन बंद करके अब कांग्रेस पार्टी आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। यह बात प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष दामोदर सिंह यादव ने बुधवार को अपने निवास पर कांग्रेसजन की मौजूदगी में कही। यादव ने कहाकि सेवढ़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लांच, रतनगढ़ एवं सनकुआं के पुलोें को टूटे हुए सात माह से अधिक हो गए हैं। जिससे क्षेत्रीय जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या की तरफ जिला प्रशासन एवं प्रदेश सरकार का ध्यान आकर्षित कराने के लिए सेवढ़ा जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि केशव यादव ने अनेक बार पत्र लिखे। लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहाकि भाजपा को सत्ता में रहकर मलाई खाने की आदत पड़ गई है। लेकिन जनता अब बदलाव चाह रही है। 2023 में कमलनाथ की सरकार बनाएंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने कहाकि किसी भी जन हितेषी मांग पर प्रदेश सरकार ध्यान नहीं दे रही है। इसलिए जिला कांग्रेस कमेटी आगामी 6 मई को पुलों के निर्माण एवं विद्युत समस्याओं के समाधान के लिए किसानों के साथ सेवढ़ा तहसील कार्यालय का घेराव एवं तालाबंदी करेगी।
इस दौरान पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, अनिल भार्गव, पातीराम पाल, अशोक श्रीवस्तव मीडिया प्रभारी, गुड्डन परासरी, रामदास उत्साही, अमरीश वाल्मिक, अंकित सेन, विनय यादव, लोकेंद्र यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
30 अप्रैल को भोपाल में होगा जयंती महोत्सव : वहीं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष दामोदर यादव ने जानकारी दी कि दलित पिछड़ा समाज संगठन एवं कुशवाहा समाज के प्रांतीय संगठन के तत्वाधान में आगामी 30 अप्रैल को महात्मा ज्योतिवाराव फुले, सम्राट अशोक एवं बाबा साहब की संयुक्त जयंती समारोह का आयोजन रविंद्र भवन भोपाल में 11 बजे किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ होंगे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्रीगण सज्जन वर्मा, जयवर्धन सिंह, जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, मुकेश
नायक, प्रभु सिंह दांगी, लाखन सिंह यादव सहित राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल, जेपी धनोपिया सहित अनेक विधायक, पूर्व विधायकगण मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में दतिया से भी सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता भोपाल जाएंगे।