मांग में सिंदूर भरा, शादी का वादा किया और 1.5 साल बाद मुकरा: युवती से दुष्कर्म, मां को बताई आपबीती, थाने में केस दर्ज !

दतिया। शादी का झांसा देकर एक 23 वर्षीय युवती से लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में वादे से साफ मुकर जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने पाटो वाला मोहल्ला निवासी सूरज मांझी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने जीवनभर साथ निभाने का भरोसा दिलाकर उसका भरोसा जीता और करीब डेढ़ वर्ष तक लगातार शारीरिक शोषण करता रहा, लेकिन जब उसने शादी के लिए दबाव डाला तो आरोपी ने बातचीत बंद कर दी।

ठंडी सड़क स्थित मकान में ले जाकर बनाए संबंध : प्राथमिकी के अनुसार, पाटो वाला मोहल्ला निवासी सूरज मांझी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया था। 25 दिसंबर 2024 की रात करीब 8 बजे वह युवती को ठंडी सड़क स्थित एक मकान में ले गया, जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाता रहा।

मांग में सिंदूर भरा, तारीख मांगने पर मुकरा : पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसका विश्वास पक्का करने के लिए उसकी मांग में सिंदूर भी भरा था। 8 जून 2026 की रात उसने अंतिम बार संबंध बनाए। इसके बाद जब युवती ने शादी की तारीख तय करने की बात कही, तो उसने साफ इनकार कर दिया और फोन उठाना व बातचीत करना बंद कर दिया।

मां को बताई आपबीती, थाने में केस दर्ज : परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद युवती ने कोतवाली थाने में शिकायती आवेदन दिया। पुलिस ने आरोपी सूरज मांझी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में दुष्कर्म का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter