30 घंटे से पानी में घिरे बैठे पाली गांव के 46 लोगों को सेना ने निकाला सुरक्षित, रेस्क्यू के दौरान तहसीलदार भी बाढ़ में फंसे

Datia News : दतिया। सिंध में जलस्तर बढ़ जाने के कारण गाेराघाट क्षेत्र के ग्राम सुनारी व पाली गांव में बाढ़ आने से वहां कई ग्रामीण फंसे रह गए थे। मंगलवार शाम तक सुनारी पहुंचे प्रशासनिक अमले ने वहां से ग्रामीणों को रवाना कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया।

सुनारी से करीब एक किलोमीटर दूर बसे ग्राम पाली में पानी भर जाने के कारण गांव में फंसे रह गए करीब 46 लोगों को निकालने में रेस्क्यू टीम को परेशानी आ रही थी। जिसके बाद सेना के जवानों को बुलवाया गया। मंगलवार रात करीब 9 बजे से सेना के जवानों ने भी मोटर वोट के माध्यम से रेस्क्यू करने की कोशिश की, लेकिन अंधेरे के कारण सही लोकेशन न मिलने पर उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ा।

अगले दिन बुधवार को सुबह 6 बजे से रेस्क्यू फिर शुरू हुआ। जिसमें करीब 32 लोगों को मोटर वोट के द्वारा सुरक्षित निकाल लिया गया। इसके बाद दिन में 10 बजे पहुंचे हेलीकाप्टर की मदद ली गई। जिसने बाढ़ में फंसे 14 लोगों को बाहर निकाला।

दतिया कलेक्टर और एसपी ने प्रशासनिक अमले के साथ सुनारी में ही कैंप किया। इस दौरान विधायक घनश्याम सिंह ने अंडोरा, बिलासपुर, लांच, खैरोना घाट आदि ग्रामों के डूब क्षेत्र का अवलोकन कर राहत कार्य का जायजा लिया।

इस बीच राहत और बचाओ कार्य में लगी रेस्क्यू टीम भी गांव में पानी के भराव ज्यादा होने के कारण वहां फंसी रह गई। ग्राम पाली को बुधवार शाम तक पूरी तरह से खाली करा लिया गया था। पाली ग्राम में 46 लोगों के फंसे होने की खबर थी।

बचाव कार्य के दौरान मोटर वोट से गांव के अंदर पहुंचे इंदरगढ़ तहसीलदार सुनील भदौरिया और रेस्क्यू टीम भी वहां फंस गई थी। जिन्हें झांसी से बुलाए गए हेलीकाप्टर की मदद से बाहर निकाला जा सका।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!