आदर्श मतदान केंद्रों पर की जा रही व्यवस्थाएं,ग्रामीणों को दिलाई गई शपथ
दतिया. भांडेर विधानसभा सीट पर होने जा रहे उप चुनाव में इस बार मतदान केंद्रों की संख्या 229 से 260 की गई है। इन 260 मतदान केंद्रों में से सोहन, सालोन बी, देवरा, धमना, बिछौन्दना, बसवाह, सेरसा, उनाव सहित नपं भांडेर में उत्कृष्ट विद्यालय मतदान केंद्र 205 तथा जनपद कार्यालय परिसर मतदान केंद्र 207 को आदर्श मतदान केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है।

मानव श्रृंखला बनाकर किया मतदाताओं को जागरूकउपचुनाव में शत प्रतिशत मतदान को लेकर चलाए जा रहे स्वीप कार्यक्रम के तहत रविवार को जिला पंचायत सीईओ अतेंद्र सिंह गुर्जर एवं दतिया जनपद सीईओ गिरिराज दुबे द्वारा बिछौंदना एवं परासरी में मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित किया। इन गतिविधियों में मानव श्रृंखला बनवाई गई । साथ ही महिला मतदाताओं की मदद से रंगोली और मेहंदी कार्यक्रम आयोजित कराए गए। इस अवसर पर उपस्थित मतदाताओं को मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई।

केंद्रों पर शिशुओं का भी रखा जाएगा ख्याल

पिछले मतदान व्यवस्था की तरह इस बार भी शिशुओं और छोटे बच्चों का ध्यान रखे जाने को लेकर व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर बनाए जा रहे झूलाघरों में महिलाओं के साथ आने वाले छोटे बच्चों की देखरेख के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को तैनात किया जा रहा है। बच्चों के मनोरंजन के लिए यहां झूला और खिलौनों की व्यवस्था की जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter