कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद पर अशोक दांगी की ताजपोशी, युवा नेतृत्व को बागडोर सौंपने पर कांग्रेसी उत्साहित

पहली प्राथमिकता संगठन को मजबूती देना- दांगी

दतिया ।  जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर युवा नेतृत्व को बागडोर सौंपे जाने की मांग आखिरकर पूरी हो गई। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जनरल सेक्रेटरी के.सी. वेणुगोपाल ने दतिया में कांग्रेस जिला अध्यक्ष नाहरसिंह यादव को हटाकर उनके स्थान पर युवा नेता कांग्रेस के प्रदेश सचिव रहे अशोक दांगी को जिले की कमान सौंप दी है। इस बदलाव से कांग्रेसियों में उत्साह नजर आया। इस बदलाव में नई पसंद पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल की मानी जा रही है।

इस बदलाव का एक कारण यह भी बताया जा रहा है कि नाहर सिंह यादव की उम्र अधिक होने के कारण भी उन्हें हटाया गया है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव के ठीक एेन वक्त पर गृहमंत्री के जिले में कांग्रेस अध्यक्ष बदलाव काफी मायने रखता है। ऐसे में आगामी चुनाव भी में आश्चर्यजनक परिणाम की उम्मीद कांग्रेस को है।

वर्तमान और निवर्तमान जिलाध्यक्ष बैठक में रहे मौजूद

कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी लंबे अर्से तक यूथ कांग्रेस की कमान भी जिले में संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह प्रदेश कांग्रेस में महासचिव पद पर भी वर्तमान में काबिज है। शुरू से ही वे काफी दबंग, जुझारू और दूरदर्शी नेता बताए जाने वाले अशोक दांगी ने पहली बैठक में ही संगठन में बदलाव के संकेत दे दिए हैं।

पहली प्राथमिकता संगठन को मजबूती देना- दांगी

नवनियुक्त कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता जिले में संगठन का जो ढांचा है, उसे मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। चुनाव में प्रत्याशी चयन और चुनाव की रणनीति यह सभी काम बाद के हैं। इसके पहले संगठन को हर स्तर पर मजबूत किया जाएगा। उसके बाद ही स्थानीय कांग्रेस कमेटी आगे कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस में सभी एकजुटता का परिचय दें तो कोई भी लक्ष्य कांग्रेस के लिए मुश्किल नहीं है।

मुझे क्यों हटाया गया मालूम नहीं- यादव

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष नाहरसिंह यादव का कहना था कि उन्हें क्यों हटाया गया इसकी जानकारी तो उन्हें भी नहीं है। शायद एज फैक्टर (उम्र का कारण) वाला मामला हो सकता है। उन्होंने बताया कि मेरी उम्र अभी 72 वर्ष की है और जो नए अध्यक्ष अशोक दांगी बनाए गए हैं, वे मात्र 45 वर्ष के हैं। ऐसे में जाहिर है उम्र का फेक्टर हो सकता है। दांगी ऊर्जावान कांग्रेस नेता है और उनके आने से भी संगठन में ताकत बढ़ेगी और हम हर स्तर पर जिले में सफल होंगे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter