चुनावी माहौल में ‘माई की शरण’ में असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा : मां बगुलामुखी के दर्शन कर मांगा आशीर्वाद, बोले—फिर बनेगी भाजपा सरकार !

दतिया। चुनावी सरगर्मियों के बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा सोमवार को दतिया पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उनकी इस धार्मिक यात्रा को सियासी दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।


एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत : मुख्यमंत्री विशेष विमान से दतिया पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर कलेक्टर स्वप्निल वानखेडे और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे मंदिर परिसर के लिए रवाना हुए।


मां बगुलामुखी के दरबार में टेका माथा : पीतांबरा पीठ पहुंचकर मुख्यमंत्री ने मां बगुलामुखी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही उन्होंने परिसर स्थित प्राचीन वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक भी किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।


सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम : मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे आम श्रद्धालुओं और व्यवस्था पर कोई असर न पड़े।


चुनाव से पहले जताया जीत का भरोसा : दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम सरमा ने कहा कि उन्होंने देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की है। वहीं असम विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में एक बार फिर भाजपा सरकार बनेगी।


चुनावी शंखनाद से पहले धार्मिक आस्था : गौरतलब है कि असम में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और मतदान अप्रैल में प्रस्तावित है। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले सीएम का यह दौरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ राजनीतिक संदेश भी देता नजर आ रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter