जयपुर : देश के कई हिस्सों में उपद्रव की घटनाओं पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि देश में बहुत खतरनाक महौल है और सभी लोग चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिंसा को बढ़ावा देने वाले लोगों की निंदा करनी चाहिए। गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा लिखे एक आलेख का जिक्र करते हुए यहां संवाददाताओं से बातचीत की।
गहलोत ने कहा, ‘‘आज जो आलेख लिखा है सोनिया गांधी जी ने, वह बिल्कुल सही दिशा में है। पूरा देश चिंतित है आज, जो माहौल बन गया है, ये माहौल बहुत खतरनाक है, बहुत चिंताजनक है।’’
गहलोत ने कहा कि देशवासियों को इस पर और सोचना पड़ेगा और समय पर अपनी टिप्पणी करनी पड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी को इस तरह की घटनाओं की निंदा करनी चाहिए। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि कर्नाटक में कपड़ों के नाम पर, खाने के नाम पर क्या हो रहा है, देश कहां जा रहा है, यह चिंता का विषय है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ये बयान कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ के घर से निकलते वक्त दिया. इससे पहले गहलोत ने कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के सम्मान में आयोजित गेट-टुगेदर में शिरकत की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षत्रिय युवक संघ के संरक्षक भगवान सिंह रोलसाबसर के साथ ही सरकार के मंत्रियों, विधायकों, बोर्ड-आयोग के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के साथ ही कांग्रेस नेताओं से मुलाकात भी की.