गांव में गुम्मे बना रहे परिवार पर किया हमला : संघर्ष में दस लोग घायल, जमीन को लेकर हुआ विवाद

Datia news : दतिया। जमीन पर गुम्मे बनाने को लेकर गांव में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के करीब दस लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं। जो उस समय गुम्मे बना रही थी। इसी बीच संघर्ष छिड़ गया। इस घटना को लेकर पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।

विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी, डंडे एवं कुल्हाडी चली। घटना की सूचना मिलने पर जिगना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इस घटना में केवट समाज के आठ लोग और पाल समाज के दो लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम पठारी में जमीन को लेकर पाल और केवट समाज के लोगों में विवाद चल रहा था। सोमवार को जब उसी जमीन पर प्रभुदयाल केवट अपने परिवार के साथ खेत पर मिट्टी की गुम्मे बना रहा था। तभी वहां हरज्ञान पाल और मायाराम पाल लाठियां लेकर पहुंच गए।

उन्होंने जमीन पर अपना हक जताते हुए गुम्मे बनाने से रोका और गुस्से में बने हुए गुम्मे तोड़ डाले। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के मध्य विवाद छिड़ गया। जिसके बाद पाल समाज के करीब एक दर्जन लोग भी वहां आ गए।

इस संघर्ष में उक्त लोगों ने केवट समुदाय के दो परिवारों के आठ सदस्य प्रभुदयाल, देवीदयाल, गजेंद्र, अनीश, अरुण, रामकली, राजकुमारी और केशकली को घायल कर दिया। जबकि पाल समाज के हरज्ञान और मायाराम भी घायल हो गए। घटना के संबंध में एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक उक्त विवाद सरकारी जमीन को लेकर हुआ है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!