जंगल मेें वन विभाग की टीम पर हमला : डिप्टी रेंजर से मारपीट कर वाहन के तोड़े कांच, आधा दर्जन पर मामला दर्ज

Datia news : दतिया। रेत के अवैध परिवहन में जुटे माफिया ने वन परिक्षेत्र में गश्त करने निकले डिप्टी रेंजर पर हमला कर दिया। इस दौरान माफिया ने वन विभाग की टीम की मारपीट के साथ ही उनके वाहन के कांच तक तोड़ डाले। इस बीच माफिया की ओर से पकड़ी गई ट्रैक्टर ट्रालियों को भी छुड़ाकर ले जाने का प्रयास किया गया। हमले का शिकार बने गोराघाट वन परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर ने मामले की रिपोर्ट सिनावल थाने में दर्ज कराई है।

घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। इस संबंध में डिप्टी रेंजर की रिपोर्ट पर सिनावल थाना पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अर्चना पाल ने बताया कि इस घटना में एक आरोपित नामजद हुआ है जबकि पांच अज्ञात बताए गए हैं।

ट्रैक्टर ट्राली पकड़े जाने पर किया हमला : जानकारी के अनुसार सिनावल थाना क्षेत्र के हिनौतिया में रेत खनन व परिवहन की खबर मिलने पर डिप्टी रेंजर प्रबंगप्रताप सिंह निजी वाहन से मौके पर पहुंचे। जहां वन विभाग की ऐरिया से रेत भरकर ला रहे तीन ट्रैक्टर ट्रालियों को रोककर जांच दल ने उनकी हवा निकाल दी।

जब इस बात की खबर माफिया को लगी तो बुलेरो में भरकर आधा दर्जन लोग वहां आ धमके। इस दौरान आरोपित जितेंद्र यादव निवासी गोंदन सहित चार-पांच अन्य लोगों ने वन विभाग के डिप्टी रेंजर के साथ मारपीट की और डंडे से उनके वाहन के कांच तोड़ डाले। हमले के बाद उक्त आरोपितों ने ट्रैक्टर ट्राली भी जबरन ले जाने लगे।

इस घटना के संबंध में डिप्टी रेंजर प्रबंगप्रताप सिंह ने सिनावल थाने पहुंचकर आरोपित जितेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। जिस पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, शासकीय कर्मचारी से मारपीट सहित बलवा आदि धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

इधर माफिया के हमले की घटना से नाराज वनविभाग के कर्मचारी भी मंगलवार को लामबंद हुए। इस घटना के विरोध में उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शिकायती आवेदन देने की तैयारी भी की है। साथ ही सुरक्षा की मांग की गई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter