बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही महिला की चेन लूटने का प्रयास : इधर कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार की गई जान

Datia News : दतिया। नगर के वार्ड क्रमांक 4 पीएनबी वाली गली में शुक्रवार सुबह 8 बजे बच्चे को स्कूल छोड़ने जा महिला के साथ अज्ञात युवक ने चेन खींचने का प्रयास किया। महिला ने शोर मचाया तो अज्ञात युवक मौके से भाग निकला। युवक की सारी हरकत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस युवक की तलाश कर रही है।

वहीं इस मामले में पीड़ित महिला ने इंदरगढ़ थाने में जाकर आवेदन दिया है। जानकारी के अनुसार महिला रुबी गुप्ता पत्नी राममिलन गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। तभी पीछे से एक युवक ने आकर उनके गले से चेन खींचने का प्रयास किया। विरोध करने एवं चिल्लाने पर मोहल्ले के लोग घर से निकल कर आए। तब तक युवक भाग चुका था। सीसीटीवी फुटेज में घटना के आधार पर पुलिस युवक की तलाश में जुट गई है।

तेज रफ्तार आटो पलटने से 4 लोग घायल : ग्राम दोहर में माता मंदिर के पास शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार आटो अनियंित्रत होकर पलट गया। घटना में आटो में सवार 4 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार आटो में सवार रामनिवास साहू, रामस्वरूप, किशोरी लाल और जीतू परिहार इंदरगढ़ से अपने गांव जा रहे थे। रास्ते मे इंदरगढ़ सेवढ़ा रोड पर स्थित गांव दोहर के पास आटो अचानक पलट गया।

जिससे उसमें सवार 4 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक आटो छोड़कर मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस तक पहुंचाई।

कंटेनर की टक्कर में बाइक सवार की मौत : हाईवे पर गुरुवार रात कंटेनर की टक्कर से एक बाइक सवार की जान चली गई। हादसा न्यू कलेक्ट्रेट के पास घटित हुआ। बाइक सवार युवक कंटेनर की चपेट में आकर काफी दूर तक उसके साथ घिसटता चला गया। गोराघाट के ग्राम गुलियापुरा के पास कंटेनर से युवक का शव खींचकर निकाला गया। इस दौरान चालक वाहन छोड़ फरार हो गया।जानकारी के अनुसार हिनोतिया निवासी युवक कुलदीप पुत्र रामस्वरूप यादव गुरुवार शाम दतिया से वापिस घर लौट रहा था। तभी कंटेनर की चपेट में आ गया।

हाइवे एंबुलेंस के कर्मचारियों ने जब सड़क पर क्षतिग्रस्त बाइक देखी तो उन्हें हादसे की शंका हुआ। जिसके बाद एंबुलेंस को आगे ले जाकर देखा गया तो एक कंटेनर में युवक फंसा हुआ नजर आया। जिसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter