दतिया : सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सेवढ़ा चुंगी के पास प्रसिद्ध चिरई टोर माता मंदिर में बीती रात चोरी की वारदात सामने आई। हालांकि आसपास के लोगों की सजगता के चलते आरोपित ज्यादा दूर नहीं जा सके और दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। साथ ही चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार देर रात मंदिर परिसर में बने एक कमरे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए और वहां रखा सामान लेकर निकल गए। सुबह मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने आसपास तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक पर शक होने पर उसे पकड़ लिया गया।
लोगों द्वारा पूछताछ करने पर युवक ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। उसने अपना नाम सागर कुशवाहा बताया और यह भी बताया कि चोरी किया गया सामान मंदिर के पास जंगल में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया है। इसके बाद स्थानीय लोग उसे साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचे, जहां से चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।
बरामद सामान में माता के श्रृंगार से जुड़ी सामग्री, मंदिर के घंटे सहित अन्य धार्मिक वस्तुएं शामिल बताई जा रही हैं। पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवक ने अपने एक साथी का नाम भी बताया, जिसे बाद में स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया गया।
दोनों आरोपितों को पकड़ने के बाद लोगों ने उन्हें सिविल लाइन थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई है।

