सनातन धर्म के प्रति जागरूकता और समर्पण जरूरी : पार्षद अक्कू दुबे ने वार्डवासियों को दिखाई धार्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ !

दतिया। सनातन संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और अपनी समृद्ध परंपराओं के प्रति नई पीढ़ी में समर्पण और आदर भाव जगाना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। धार्मिक साहित्य, संतों के विचार और प्रेरक फिल्में समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ युवाओं और बच्चों में आध्यात्मिक चेतना का संचार करती हैं। यह बात शहर के वार्ड क्रमांक-14 के भाजपा पार्षद अक्कू दुबे ने बुधवार को वार्डवासियों के लिए आयोजित सामूहिक धार्मिक फिल्म प्रदर्शन के दौरान कही।

300 से अधिक वार्डवासियों ने एक साथ देखी फिल्म ‘हनुमान अंश’ : पार्षद अक्कू दुबे की विशेष पहल पर स्थानीय सिनेमा हॉल में वार्ड-14 के निवासियों के लिए धार्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ का विशेष शो आयोजित किया गया।

इस अनूठे आयोजन में वार्ड के बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित लगभग तीन सैकड़ा (300) लोगों ने एक साथ बैठकर फिल्म का आनंद लिया। पूरे हॉल में जय श्री राम और पवनपुत्र हनुमान के जयकारों के साथ भक्तिमय माहौल बना रहा।

वार्डवासियों ने जताया पार्षद का आभार : सामूहिक रूप से फिल्म देखने पहुंचे नागरिकों ने इस आयोजन की सराहना की। स्थानीय महिलाओं और वरिष्ठजनों ने कहा कि रोजमर्रा की व्यस्तताओं के बीच इस तरह के आयोजनों से न केवल आपसी भाईचारा और सामाजिक जुड़ाव मजबूत होता है,

बल्कि परिवार सहित धार्मिक व ज्ञानवर्धक समय बिताने का सुखद अवसर भी मिलता है। सभी उपस्थित नागरिकों ने पार्षद अक्कू दुबे की इस पहल का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter