गंगा में नहाते वक्त बह गए पिता-पुत्री और सास, काफी देर बाद एक शव बरामद, दो लापता

देहरादून : उत्तराखंड के पौड़ी जिले के
लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गुजरात के एक पिता पुत्री समेत तीन व्यक्ति गंगा नदी के तेज बहाव में बह गए । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । यह हादसा गंगा में नहाने के दौरान घटित हुआ। जब एक लड़की को नहाने के दौरान डूबता देख उसके परिजन बचाने की कोशिश कर रहे थे, तभी तीनों पानी के तेज बहाव में बह गए।

पुलिस ने बताया कि सोमवार देर शाम सोनल (18) गंगा में नहाने के दौरान बहने लगी जिसे बचाने के लिए पहले उसके पिता अनिल (42) और फिर उसकी नानी तारूलता (52) भी नदी में उतरे लेकिन वे सभी नदी के तेज बहाव में बह गए।

पास ही मौजूद परिजनों से इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने तलाशी एवं बचाव अभियान चलाया ​और तारूलता का शव बरामद कर लिया । अन्य दोनों की तलाश की जा रही है ।

पुलिस ने बताया कि हादसे का शिकार हुए तीनों व्यक्ति गुजरात के राजकोट के रहने वाले थे और परिजनों के साथ यहां घूमने आए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस ने रेस्क्यू शुरू कर दिया था। जिसके कुछ देर बाद 52 वर्षीय महिला तरुलता का शव तो बरामद कर लिया गया। लेकिन पिता-पुत्री का शव अभी भी लापता बताया जा रहा है। पुलिस रेस्क्यू टीम के साथ दोनों शवाें की तलाश में जुटी हुई है। इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए गंगा स्नान बाधित रहा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!