बाबा रामदेव के सहयोगी आचार्य बालकृष्ण पहुंचे पंडोखर धाम : महोत्सव में हुए शामिल, पूजा-अर्चना की

Datia news : दतिया । पंडोखरधाम महोत्सव में देश भर से गणमान्यजन, राजनेता और संतजन के पहुंचने का सिलसिला जारी है। महोत्सव आठ मई तक चलेगा। इसी क्रम में सोमवार को महोत्सव में भाग लेने पतंजलि योगपीठ के महामंत्री एवं बाबा रामदेव के सहयोगी आचार्य बालकृष्ण पंडोखर धाम पहुंचे। जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने धाम स्थित मंदिरों के दर्शन कर पूजा अर्चना भी की।

पंडोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक व सचिव मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा सम्मानित आयुर्वेदाचार्य बालकृष्ण के पंडोखर धाम पहुंचने पर पंडोखर धाम पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज ने उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर आयुर्वेदाचार्य बालकृष्ण ने श्रीहनुमानजी पण्डोखर सरकार और आश्रम में स्थित निर्माणाधीन भव्य और विशाल श्रीरामदरबार मंदिर, संकट मोचन मंशापूर्ण हनुमान जी एवं श्री हाथीवान महाराज के मंदिर में दर्शन पूजन कर मेला प्रक्षेत्र का भ्रमण किया।

तत्पश्चात आचार्य बालकृष्ण जी भिंड जिले की लहार तहसील में स्थित श्री गुरुशरण जी महाराज के श्रीगुरुधाम बरहा पहुंचे और श्री हाथीवान महाराज के दर्शन किए। बता दें कि पंडोखरधाम महोत्सव में धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

जिसमें प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जा रही है। रविवार को भी अभा कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें प्रसिद्ध कवियों ने रचना पाठ किया।

जानिए कौन है आचार्य बालकृष्ण : योग गुरु बाबा रामदेव के साथ घर-घर में योग पहुंचाने वाले आचार्य बालकृष्ण ने बहुत कम समय में सफर तय किया। फिलहाल वह आयर्वेदिक प्रोडक्ट्स बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक पतंजलि आयुर्वेद (Patanjali Ayurved) के चेयरमैन और सीईओ हैं।

आचार्य बालकृष्ण को बाबा रामदेव का राइट हैंड कहा जाता है। योग और आयुर्वेद को बढ़ावा देने में योगदान के लिए आचार्य बालकृष्ण को 1 अगस्त 2017 को तिलक स्मारक ट्रस्ट द्वारा “लोकमान्य तिलक पुरस्कार 2017” से सम्मानित किया गया। आयुर्वेद के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए आचार्य बालकृष्ण को 22 मार्च 2016 को “ब्लूमबर्ग स्पेशल रिकॉग्निशन अवार्ड” से सम्मानित किया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!