बागेश्वरधाम महाराज और पंडोखर सरकार फिर एक साथ : पीतांबरा पीठ पर एक ही दिन पहुंचे, पूजा अर्चना कर मां के दरबार में लगाई हाजिरी

Datia news : दतिया। मां पीतांबरा के दरबार में शनिवार को बुंदेलखंड क्षेत्र के दो प्रसिद्ध धामों के महंत दतिया पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे बागेश्वर धाम सरकार पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पीतांबरा पीठ पर आए। जहां उन्होंने पूजा अर्चना की। करीब 20 मिनिट मंदिर में रहने के बाद बागेश्वरधाम महाराज वापिस टीकमगढ़ लौट गए। वहां उन्हें कथा में शामिल होना था। इसके बाद ठीक दोपहर 2.30 बजे पंडाेखर सरकार गुरुशरण महाराज भी पीतांबरा पीठ पहुंचे। दोनों महंतों के एक ही दिन पीठ पर पहुंचने को लेकर कयासों का दौर जारी है।

इंटरनेट मीडिया पर बागेश्वर धाम प्रमुख पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और पंडोखर सरकार गुरुशरण शर्मा के बीच बयानों के तीर चलते रहते हैं। ऐसे में दोनों का एक ही दिन कुछ घंटे के अंतराल में पीठ पर पहुंचना चर्चा में है। वहीं सूत्रों की मानें तो पीठ पर किसी विशेष गुप्त अनुष्ठान को लेकर बागेश्वरधाम प्रमुख दतिया आए थे। जहां उन्होंने पीठ के पुजारी सेवकों के साथ पूजन भी किया।

20 मिनिट तक मंदिर में रहे शास्त्री : शनिवार के दिन मां पीतांबरा के दरबार में बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध बागेश्वर धाम और पंडोखर धाम के महंतों ने पहुंचकर हाजिरी लगाई।शनिवार सुबह करीब 11 बजे बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दतिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मां बगलामुखी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। उन्होंने पीठ पर मौजूद पुजारियों का अभिवादन भी किया।

शनिवार के दिन पीतांबरा पीठ पर खासी भीड़ रहने के कारण बागेश्वर धाम को मंदिर तक लाने और बाहर ले जाने के लिए पीठ प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इस दौरान पीठ पर पाठ करने वाले पुजारियों को भी माथा टेककर प्रणाम किया। पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करीब 20 मिनिट तक मंदिर पर रहे।

हाल ही में छोटे भाई पर दर्ज हुआ है मामला : बता दें कि गत कई दिनों से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने बयानों के चलते विवादों में रहे हैं। वहीं हाल ही में उनके छोटे भाई पर भी एससी एसटी एक्ट का प्रकरण दर्ज हुआ था। इस सबको देखते हुए पंडित धीरेंद्र शास्त्री का मां पीतांबरा की शरण में अचानक दतिया पहुंचना चर्चा में बना हुआ है।

दोपहर में दतिया पहुंचे पंडोखर सरकार : शनिवार को ही दोपहर करीब 2.30 बजे पंडोखर सरकार महंत गुरुशरण महाराज भी अपने भक्तों के पीतांबरा पीठ पहुंचे। उन्होंने मां के दर्शन कर पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने महाभारतकालीन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक भी किया।

दतिया में हनुमंत कथा में एक साथ आए थे नजर : गौरतलब है कि जुलाई माह में दतिया में बागेश्वर धाम महाराज पं.धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा के दौरान गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा के आमंत्रण पर पंडोखर सरकार पहली बार एक ही मंच पर बागेश्वरधाम महाराज की कथा में शामिल होने दतिया पहुंचे थे। इस दौरान दोनों महंत दतिया में एक ही मंच पर बैठे थे। उस दौरान पंडोखर सरकार ने पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को पंडोखर आने का निमंत्रण भी दिया था। उसके बाद फरवरी में दोंनों प्रसिद्ध महंत दतिया पीतांबरा पीठ अलग-अलग पहुंचे थे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter