दतिया। पंडोखर थाना क्षेत्र के हाइवे रोड पर खूजा हजारी बाग के पास एक डंपर अनियंित्रत होकर पलट गया। हादसा रविवार रात का है। जिसमें ड्राईवर व क्लीनर बाल-बाल बच गए। जबकि डंपर क्षतिग्रस्त हो गया।गनीमत रही जिस समय डंपर पलटा उस दौरान रोड खाली था, नहीं तो बड़ा हादसा घटित हो जाता। बताया जाता है हाइवे पड़े अधूरे निर्माण पर डंपर चढ़ जाने के कारण अनियंित्रत होकर पलट गया।
जानकारी के अनुसार भांडेर से भिंड इटावा की तरफ काली गिट्टी भरकर जा रहा ङंपर क्रमांक यूपी92एटी 1537 को अज्जू नामक ड्राइवर चला रहा था। खूजा के हजारी बाग के पास हाइवे रोड पर गेट निर्माण का कार्य चल रहा है। जिसके लिए दोनों साइड गेट का एक फ़ीट ऊंचा फाउंडेशन बनवाने के बाद दस दिन से कार्य बंद पड़ा है, जिससे रात्रि में उक्त फाउंडेशन वाहन चालकों को अंधेरे के कारण नजर नहीं आ पाता।
यही वजह रही कि उक्त डंपर चालक भी उसी फाउंडेशन को नहीं देख सका और डंपर का पहिया उस पर चढ़ गया। जिससे तेज गति में डंपर होने की वजह से उछलकर पलट गया। इस हादसे के बाद क्षेत्र वासियों ने भी निर्माण एजेंसी से अधूरा पड़े निर्माण को पूर्ण कराने की मांग की है। ताकि फिर कोई घटना यहां घटित न हो।
सड़क पर अवरोध बना फाउंडेशन
हाइवे रोड पर गेट निर्माण के लिए बनाए गए दोनों ओर फाउंडेशन आवागमन में अवरोध का कारण बन रहे हैं। जिसके कारण रोड से निकलने वाले वाहनों को असुविधा हो रही है। रात के समय सड़क के दोनों ओर फाउंडेशन के अधूरे काम के कारण अक्सर वाहन हादसे का शिकार हो रहे हैं। रविवार रात भी डंपर इस पर चढ़ गया और पलट गया।


