बैंक प्रबंधन ने कहा, हमें नहीं मिला कलेक्टर का आदेश, सहकारिता कर्मचारियों को देना होगा शपथ पत्र

दतिया ।  सहकारिता कर्मचारियों और केंद्रीय सहकारी बैंक के बीच अभी भी तनातनी चल रही है। इसके पीछे बैंक प्रबंधन द्वारा हड़ताल से वापिस लौटे कर्मचारियों से शपथ पत्र मांगना प्रमुख वजह बताई जा रही है। हड़ताल के बाद पंजीयन और राशन वितरण की जवाबदारी फिर से सहकारिता कर्मचारियों को सौंप दी गई थी। इस दौरान इन कर्मचारियों से सौ रूपये के स्टांप पर एक शपथ पत्र केंद्रीय ग्रामीण सहकारी बैंक ने मांगा था। इस शपथ पत्र को लेकर भी सहकारिता कर्मचारी संघ कलेक्टर से मिला था।

कलेक्टर ने इस शपथ पत्र की आवश्यकता नहीं होने का आश्वासन इन कर्मचारियों को दिया था। अब केंद्रीय ग्रामीण सहकारी बैंक इन समिति के कर्मचारियों से पुन: शपथ पत्र की मांग कर रही है। इससे बैंक और सहकारिता कर्मचारी के बीच में टकराव की स्थिति आ गई है। इस कारण किसानों का गेहूं खरीदी पंजीयन और जिले में राशन का वितरण कार्य प्रभावित होने की संभावना बन गई है। 25 फरवरी पंजीयन की आखिरी तारीख है और अभी लगभग 10 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन किया जाना है। जाहिर है ऐसी स्थिति में ये दोनों काम प्रभावित होंगे।

पिछले दिनों हड़ताल समाप्त होने के बाद कलेक्टर संजय कुमार से सहकारिता कर्मचारियों ने कार्य में रुकावट आने संबंधी बातों को लेकर बात की थी। कर्मचारी नेताओं ने बताया था कि बैंक द्वारा जो शपथ पत्र मांगा जा रहा है, यह गलत है। इस पर कलेक्टर संजय कुमार ने तुरंत शपथ पत्र संबंधी आदेश को लेकर संबंधित को ठीक करने के लिए भी कहा था। उन्होंने कहाकि कार्य करने के लिए शपथ पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। इसके बाद मामला सुलझता नजर आ रहा था। अचानक केंद्रीय ग्रामीण सहकारी बैंक समिति कर्मियों से फिर से शपथ मांग लिया है। इससे बात बिगड़ने की िस्थति पैदा हो गई है। जिसका असर राशन वितरण पर भी हो सकता है।

सहकारिता कर्मचारी संघ दतिया के जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि कलेक्टर ने हम लोगों को आश्वासन दिया था कि सौ रुपये के स्टाम्प की जरूरत नहीं है। अब बैंक वाले सभी कर्मचारियों व सोसाइटी वालों से स्टांप की मांग कर रही है। जबकि कलेक्टर बैंक भी प्रशासक भी है। अब ऐसी स्थिति में हम फिर से कलेक्टर से मिलकर हम अपनी बात रखेंगे। वहीं केंद्रीय ग्रामीण सहकारी बैंक दतिया सीईओ विनोद भार्गव का कहना है कि हमें शपथ पत्र संबंधी कोई भी आदेश कलेक्टर की ओर से प्राप्त नहीं हुआ है। कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व सहकारिता कर्मचारियों को यह शपथ पत्र देना आवश्यक है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter