बड़वानी जिले में करीब 14 हजार किसानों को मिलेगी ब्याज माफी : ऋण माफी आवेदन का हुआ शुभारंभ

 बड़वानी : पशुपालन एवं डेयरी मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने कहा कि राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री कृषक ऋण माफी योजना ने 31 मार्च 2023 तक की अवधि के बकाया कृषकों के ऋण माफ किये जाएंगे। अत: किसान भाई अपने ऋण माफी आवेदन समय पर जमा कर योजना का लाभ उठाएँ। पटेल ने यह बात रविवार को बड़वानी में आवेदन लेने के कार्य का शुभारंभ करते हुए कही। योजना में बड़वानी जिले की 54 सोसायटी में 13 हजार 916 किसान लाभान्वित होंगे।

मंत्री पटेल ने कहा कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के डिफॉल्टर किसानों पर बकाया कालातीत फसल ऋण के ब्याज माफ करने के लिये मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना में 31 मार्च 2023 की स्थिति में अल्पकालीन फसल ऋण एवं मध्यकालीन परिवतर्तित ऋण को मिलाकर कुल 2 लाख रुपये तक के बकाया ऋण (मूलधन एवं ब्याज) वाले डिफाल्टर कृषकों के ब्याज माफ किये जायेंगे।

ब्याज की प्रतिपूर्ति राज्य शासन द्वारा की जावेगी। आवेदन पत्र के साथ कृषकों को एक घोषणा पत्र देना होगा जिसमें यह उल्लेखित होगा कि वे वर्तमान एवं भूतपूर्व सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका एवं नगर परिषद-निगम के अध्यक्ष कृषि उपज मण्डी अध्यक्ष, सहकारी बैंक अध्यक्ष तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा गठित निगम मण्डल अथवा बोर्ड अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष नही हैं। साथ ही कृषक आयकरदाता न हो।

सहकारिता के मान से बड़वानी को खरगोन जिले से अलग करें : मंत्री पटेल ने कहा कि बड़वानी जिले का गठन वर्ष 1998 में हुआ था, परंतु सहकारिता के मान से अभी भी यह खरगोन जिले में ही कार्य कर रहा है। मुख्य कार्यालय खरगोन में स्थित होने के कारण किसानों, अधिकारियों और कर्मचारियों को परेशानी होती है।  पटेल ने आश्वासन दिया कि बड़वानी को पृथक सहकारिता जिला बनाने के लिये उच्चस्तरीय प्रयास कर जल्द ही इस विसंगति को दूर करेंगे। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक का मुख्य कार्यालय जिले में ही होने पर किसानों को खरगोन नहीं जाना पड़ेगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!