रक्षाबंधन से पहले प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में ₹1859 करोड़ की राशि ट्रांसफर : हर बहना को मिले ₹1500

भोपाल :  मध्यप्रदेश में रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को सशक्तिकरण का खास उपहार मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 07 अगस्त को प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख 89 हजार 823 महिलाओं के खातों में कुल ₹1859.01 करोड़ की राशि ट्रांसफर की जाएगी। यह अंतरण राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से किया जाएगा।

इस बार महिलाओं को योजना की नियमित ₹1250 की मासिक किस्त के साथ-साथ ₹250 का रक्षाबंधन शगुन भी दिया जाएगा। इस प्रकार हर पात्र महिला को कुल ₹1500 की सहायता मिलेगी। यह आर्थिक सहयोग राज्य की महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने और त्योहारी खुशी को दोगुना करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

लाड़ली बहना योजना, वर्ष 2023 में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। अब तक इस योजना के अंतर्गत ₹6198.88 करोड़ से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।

इसी अवसर पर 28 लाख से अधिक महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिलिंग के लिए ₹43.90 करोड़ की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी। यह सहायता उन महिलाओं को दी जाएगी जो प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, गैर-श्रेणी पंजीकरण, और विशेष पिछड़ी जनजातियों से संबंधित हैं।

नरसिंहगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, बालिकाओं की भागीदारी और रोड शो भी होंगे। इस आयोजन के माध्यम से सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की मंशा को मजबूती मिलेगी।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter