150 रुपये में कोवैक्सीन देने में भारत बायोटेक ने जताई मुश्किल, कहा लागत की भरपाई के लिए कीमत बढ़ाना जरूरी

Hyderabad News : हैदराबाद । भारत बायोटेक (Bharat Biotech)  ने मंगलवार को कहाकि 150 रुपये प्रति डोज की दर से केंद्र सरकार को कोवैक्सीन टीके की आपूर्ति लंबे समय तक संभव नहीं है। उसने एक बयान में कहाकि इसलिए लागत की भरपाई के लिए निजी बाजार में इसकी ऊंची कीमत जरुरी है। उसने कहा कि केंद्र के आपूर्ति मूल्य की वजह से भी निजी क्षेत्र के लिए कीमत में वृद्धि हो रही है। कंपनी ने भारत में निजी क्षेत्र के लिए उपलब्ध दूसरे कोविड टीकों की तुलना में कोवैक्सीन की अधिक दर को उचित ठहराते कहा कि कम मात्रा में इसकी खरीद, वितरण में आने वाली अधिक लागत और खुदरा मुनाफे आदि बुनियादी कारोबारी कारणों से कोवैक्सीन महंगी हो जाती है।

भारत बायोटेक (Bharat Biotech) फिलहाल केंद्र सरकार को 150 रुपये प्रति डोज, राज्य सरकारों को 400 रुपये प्रति डोज और निजी अस्पतालों को 1,200 रुपये प्रति डोज की दर से कोवैक्सीन की आपूर्ति कर रही है। कंपनी ने कहा, भारत सरकार को 150 रुपये प्रति डोज की दर से कोवैक्सीन (covaccine) की आपूर्ति गैर-प्रतिस्पर्धी कीमत है और यह स्पष्ट रूप से लंबे समय तक संभव नहीं है।

इसलिए निजी बाजार में उसकी ऊंची कीमत लागत की भरपाई के लिए जरुरी है। केंद्र के निर्देश के अनुसार कोवैक्सीन के कुल उत्पादन का 10 फीसद से भी कम हिस्सा निजी अस्पतालों को दिया जाता है, जबकि उसका बाकी बहुत बड़ा हिस्सा राज्यों एवं केंद्र के पास जाता है। भारत बायोटेक ने बताया कि टीके के विकास, क्लिनिकल ट्रायल तथा कोवैक्सीन के लिए निर्माण इकाई स्थापित करने की खातिर कंपनी अब तक 500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर चुकी है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter