भारत टैक्सी की गुजरात में एंट्री : अमित शाह ने किया शुभारंभ, 7 लाख सारथियों को मिलेगा मालिकाना हक,दो वर्षों में 500 से अधिक शहरों तक विस्तार का लक्ष्य !

गांधीनगर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह ने शनिवार को गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में सहकारिता आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म ‘भारत टैक्सी’ का शुभारंभ किया। इस पहल के साथ अहमदाबाद, सूरत, राजकोट समेत गुजरात के प्रमुख शहरों में दोपहिया, ऑटो और चारपहिया वाहनों की सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री  भूपेन्द्रभाई पटेल, उपमुख्यमंत्री  हर्ष संघवी, सहकारिता मंत्री जीतूभाई वाघाणी, राज्य मंत्री  रमेशभाई कटारा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में सारथी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि ‘भारत टैक्सी’ केवल एक परिवहन सेवा नहीं, बल्कि सहकारिता के माध्यम से मोबिलिटी क्षेत्र में नया मॉडल स्थापित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म से जुड़े चालक केवल ड्राइवर नहीं, बल्कि ‘सारथी’ और संस्था के भागीदार होंगे, जिससे उन्हें सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण मिलेगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 7 लाख से अधिक सारथी इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं, जबकि 37 लाख से अधिक ग्राहक इसकी सेवाओं का लाभ ले चुके हैं। सरकार का लक्ष्य अगले डेढ़ से दो वर्षों में ‘भारत टैक्सी’ की सेवाओं को 500 से अधिक शहरों और कस्बों तक पहुंचाना है। इसके अलावा 31 जुलाई 2026 से पहले देश के सात प्रमुख शहरों में भी इसकी शुरुआत की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कई निजी ऐप आधारित कंपनियों पर अधिक कमीशन, अस्थिर किराया और चालकों के हितों की अनदेखी जैसे आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में सहकारिता आधारित मॉडल सारथियों को बेहतर अवसर और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिस्पर्धी कंपनियों द्वारा किराए में अस्थायी कमी लाकर इस पहल को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन ‘भारत टैक्सी’ सेवा और सहकारिता के सिद्धांतों के साथ आगे बढ़ती रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, गुजरात मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, गुजरात राज्य सहकारी बैंक, अहमदाबाद नगर निगम, गुजरात ट्रैफिक पुलिस, पश्चिम रेलवे तथा अन्य संस्थाओं के साथ कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए गए। इन समझौतों का उद्देश्य हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मेट्रो और शहरी परिवहन नेटवर्क के साथ ‘भारत टैक्सी’ की सेवाओं का बेहतर समन्वय स्थापित करना है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कई सारथियों को शेयर प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter