टेस्ट ना खेलने की खबर को भुवनेश्वर कुमार ने सिरे से नाकारा, कहा- तीनों फॉर्मेट में चयन के लिए हूं उपलब्ध

नई दिल्ली :  तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम में नहीं चुना गया, जहां भारतीय टीम को पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना है और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। ऐसे में इस तरह की खबर आई कि भुवनेश्वर खुद टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलना चाहते हैं, लेकिन अब भुवनेश्वर ने ट्वीट कर इन बातों का खुद खंडन कर दिया है। फिलहाल बीमार पिता की सेवा कर रहे भुवनेश्वर ने ट्वीट किया, ‘मेरे बारे में खबरें आ रही हैं कि मैं टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलना चाहता, लेकिन मैं स्पष्ट करना चाहता हैं कि मैंने हमेशा खुद को तीनों प्रारूपों के लिए चयन के लिए तैयार किया है और आगे भी करता रहूंगा।

मेरा सुझाव है कि सूत्रों के आधार पर अपनी धारणा ना लिखें।’ इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि भुवनेश्वर अब लंबे प्रारूप में नहीं खेलना चाहते हैं, क्योंकि उनमें टेस्ट क्रिकेट खेलने का उत्साह नहीं बचा है। वह अब सारा ध्यान टेस्ट से हटाकर सीमित ओवर क्रिकेट में लगाना चाहते हैं। सीमित ओवर क्रिकेट में वह कम गेंदबाजी करके खुश हैं और टेस्ट क्रिकेट में लंबे स्पैल उन्हें अब रास नहीं आ रहे हैं। इन्हीं सब वजहों से उन्होंने लंबे प्रारूप से खुद को दूर रखने का फैसला लिया है। भुवनेश्वर के टेस्ट करियर की बात करें तो उन्होंने 21 टेस्ट में 26 की औसत से 63 विकेट लिए हैं। इंग्लैंड में उन्होंने पांच टेस्ट में 19 विकेट झटके हैं।

उन्होंने टेस्ट में तीन अर्धशतक भी लगाए हैं। वह पिछली बार 2018 में टेस्ट मैच खेले थे। तब उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहानिसबर्ग टेस्ट में शानदार गेंदबाजी की थी और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, इसके बाद उन्हें टेस्ट क्रिकेट में मौका ही नहीं मिला और सीमित ओवर क्रिकेट खेलते रहे। भुवनेश्वर को आइपीएल के पिछले सत्र में चोट लगी थी, जिसके कारण वह ऑस्ट्रेलिया दौरे में भी शामिल नहीं हो सके थे।

फिट नहीं होने की वजह से उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में खेलने का मौका भी नहीं मिला था। इसके बाद वह इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवर सीरीज और आइपीएल में खेलते हुए नजर आए थे। भुवनेश्वर के पिता बीमार हैं और इस समय वह उनकी सेवा में जुटे हैं। भुवनेश्वर से जब दैनिक जागरण ने पूछा कि क्या वह पिता की सेवा के कारण इंग्लैंड नहीं जा रहे या कोई और कारण है तो उन्होंने कहा कि फिलहाल अभी इस बारे में बात नहीं करना चाहता।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!