बिहार : पति को बंधक बना विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म, पीडि़ता पहुंची एसपी के पास

गया : बिहार के गया जिले में एक विवाहिता के साथ पति के सामने सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना 13 जुलाई की है।

मामला बीते 14 जुलाई को महिला थाना में दर्ज कराया गया है। पीड़िता के साथ चार लोगों ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पीड़िता के पति के साथ मारपीट की गई।

अपने आवेदन में पीड़िता ने कहा है कि 13 जुलाई को पति के साथ रात आठ बजे कोडरमा से आकर वह बंसी नगर स्टेशन पर उतरी। वहां से पैदल घर जाने के लिए निकली। रास्ते में नौआं खाप के समीप चार लोगों ने उन्हें घेर लिया।

पति को बंधक बना दुष्कर्म किया तथा जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता का कहना है कि चारों आपस में दिनेश, चांदो, संजय एवं महेश का नाम लेकर बुला रहे थे। पीड़िता शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक से मिलने उनके कार्यालय पहुंची।

महिला थानाध्यक्ष रवि रंजना ने बताया कि पति को बंधक बनाकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चार लोगों को नामजद किया गया है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter