बिहार को 7 नई ट्रेनों की सौगात: तीन अमृत भारत एक्सप्रेस और चार पैसेंजर ट्रेनें, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिखाएंगे हरी झंडी

पटना :  बिहार के रेल संपर्क को नई गति और आधुनिकता मिलने जा रही है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना जंक्शन से सात नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस और चार नई पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं, जो राज्य को तेलंगाना, राजस्थान, दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों से जोड़ेगी और ग्रामीण से लेकर शहरी इलाकों तक बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।


अमृत भारत एक्सप्रेस से बेहतर कनेक्टिविटी : वर्तमान में देश भर में 12 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं, जिनमें से 10 बिहार से संचालित होती हैं। तीन नई ट्रेनों के जुड़ने से इनकी संख्या 15 हो जाएगी, और इनमें से 13 बिहार से चलेंगी। यह बिहार के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है।

नई ट्रेनों का विवरण इस प्रकार है :-

  • मुजफ्फरपुर-चरलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस : दक्षिण भारत से सीधा रेल संपर्क।

  • दरभंगा-मदार अमृत भारत एक्सप्रेस : अजमेर और राजस्थान से कनेक्टिविटी।

  • छपरा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस : दिल्ली से सीधा संपर्क, बिहार से राजधानी जाने वाली छठी अमृत भारत ट्रेन।


पैसेंजर ट्रेनों से स्थानीय संपर्क मजबूत : सामान्य यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चार पैसेंजर ट्रेनों की भी शुरुआत की जाएगी:

  • नवादा-पटना डेमू पैसेंजर (वाया शेखपुरा-बरबीघा)।

  • इस्लामपुर-पटना डेमू पैसेंजर।

  • पटना-बक्सर फास्ट पैसेंजर।

  • झाझा-दानापुर फास्ट पैसेंजर।

इन ट्रेनों से नवादा, इस्लामपुर, बक्सर, झाझा समेत कई शहर सीधे पटना से जुड़ेंगे और लंबे समय से अधूरी पड़ी कनेक्टिविटी का सपना पूरा होगा।


आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेनें : अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में सेमी-ऑटोमैटिक कपलर, अग्नि संसूचन प्रणाली, सीलबंद गैंगवे और टॉक-बैक यूनिट जैसी उन्नत तकनीकें लगाई गई हैं। यात्रियों की सुरक्षा और आराम के लिए पहली बार गैर-वातानुकूलित डिब्बों में भी आधुनिक फीचर शामिल किए गए हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!