मामा के घर जा रहे बाइक सवारों की हुई भिडंत : दो की गई जान, तीसरा गंभीर घायल

Datia news : दतिया। तेज रफ्तार बाइकों की भिडंत में दो युवकों की जान चली गई। वहीं बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान दोनों बाइक विपरीत दिशा से आ रही थी। आसपास के राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस तक पहुंचाई। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत युवकों के शव को कब्जे में लेकर उन्हें पीएम के लिए भेजा। वहीं घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार झांसी के ग्राम पहाड़पुरा निवासी दो भाई अखिलेश पिता अवधेश पाठक और कमलेश पाठक दतिया से बसवाह अपने मामा के यहां से जा रहे थे। वहीं रिछार निवासी नरेश पुत्र लालाराम दोहरे अपनी बुआ को समथर छोड़कर बाइक से वापिस घर लौट रहा था।

इसी दौरान भिंड-भांडेर रोड पर स्थित ग्राम चंद्रोल के निकट दोनों बाइक आपस में भिड़ गई। भिडंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार नरेश और कमलेश की मौके पर मौत हो गई। जबकि कमलेश का भाई अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घटना के बाद दोनों बाइकों को जप्त कर थाने पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इधर चोर उठा ले गए बाइक : बुधवार दोपहर जिला अस्पताल से अज्ञात चोर एक युवक की बाइक चोरी कर ले गए। बाइक चोरी होने की सूचना युवक ने कोतवाली थाना पुलिस को दी।

जानकारी के अनुसार होमगार्ड कालोनी निवासी मिथुन पुत्र किशोरी शरण अहिरवार 10 वर्षीय बच्ची का इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल गया था। जब वह बच्ची को दिखाकर वापस लौटा तो उसकी बाइक क्रमांक एमपी 32 एमडी 9995 गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक न मिलने पर युवक ने परिसर में शोर शराबा शुरू कर दिया।

हल्ला सुन मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मी ने युवक को समझाकर शांत कराया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कराई गई। पुलिस को युवक ने आवेदन भी दिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter