किराना व्यापारी से रुपयों से भरा बैग छीनकर भागे बाइक सवार बदमाश, पुलिस ने निकाले सीसीटीवी फुटेज

दतिया ।  अपनी किराना की दुकान बंदकर घर लौट रहे व्यापारी के हाथ से तीन अज्ञात हथियारबंद बदमाश कट्टे की नोंक पर रुपयों से भरा बैग लूटकर भाग निकले। घटना शनिवार देर रात की है। किराना व्यापारी स्कूटी से अपने बेटे व भाई के साथ घर वापिस लौट रहा था। उसी दौरान घात लगाए बैठे बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। लूट की इस घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है। घटना के दूसरे दिन रविवार को पुलिस ने वारदात स्थल का निरीक्षण कर वहां आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज निकलवाए। पुलिस को उम्मीद है कि इनकी मदद से बदमाशों तक पहुंचने का सुराग मिल सकेगा।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए टीआई रत्नेश यादव ने बताया कि शनिवार रात स्थानीय टाउनहाल स्थित गंधी किराना स्टोर के संचालक गिरिराज गंधी अपने बेटे आशुतोष एवं भाई रामजी गंधी के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे, इसी दौरान तिगैलिया के पास तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनकी स्कूटी को रोक लिया और गिरिराज के बेटे के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनकर ले गए। बदमाशों ने सायनी मोहल्ले की ओर भागते हुए हवाई फायर भी किया। बैग में 40 हजार की नगदी बताई गई है। घटना के संबंध में व्यापारी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है।

वारदात स्थल का निरीक्षण करते एएसपी मौर्य

एएसपी ने किया घटनास्थल का मुआयना

घटना के दूसरे दिन रविवार को एएसपी कमल मौर्य ने कोतवाली टीआई रत्नेश यादव एवं सिविल लाइन थाना टीआई रविंद्र गुर्जर के साथ वारदात स्थल का पैदल मुआयना किया। इस दौरान वहां आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकलवाई गई। जिसके आधार पर बदमाशों का सुराग लगाने का पुलिस प्रयास कर रही है। वहीं आशंका जताई गई है कि हाल ही में पंचमकवि की टोरिया पर लूटी गई बाइक का बदमाशों ने इस घटना में इस्तेमाल किया है। पुलिस हर एंगल से घटना की जांच में जुटी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter