बाइक सवार बदमाशों ने हथियार दिखाकर व्यापारी से लूटा रुपयों से भरा बैग

दतिया ।  तीन अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने मंगलवार देर रात को इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी के साथ लूटपाट कर दी । लूट में 50 हजार रुपये की नगदी जाने की बात कही गई है। एक ही स्थान पर यह तीसरी लूट की घटना हुई है। घटना के समय व्यापारी अपने भाई के साथ दुकान बंद कर घर वापिस लौट रहा था। इसी दौरान उन्हें बाइक सवार बदमाशों ने घेर लिया। घटना के संबंध में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचशील नगर कॉलोनी में अपनी दुकान बंद कर आ रहे इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी अमर बजाज को तीन अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने हथियार के दम पर लूट लिया। इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी अमर बजाज पटवा तिराहे पर िस्थत अपनी दुकान बंद कर अपने घर जा रहे थे, तभी रास्ते में एफसीआई गोदाम के पास रेकी कर बदमाश बाइक के सामने आ गए। पहले उन्होंने व्यापारी अमर को हथियार अड़ाकर रुपयों से भरा बैग छीना और बाइक पर बैठकर फरार हो गए। बताया गया है बैग में लगभग 50 हजार की नगदी व दुकान की चाबियां रखी थी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन अज्ञात बाइक सवार लुटेरों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

लेकिन अभी तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला है। बता दें कि जहां यह लूट की वारदात हुई है वह रिहायशी इलाका है। एक ही स्थान पर दो माह में यह लूट की तीसरी वारदात है। इसलिए लूट की इन घटनाओं से पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं। शहर में नशे की पूर्ति के लिए युवक इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे है। बाइक चोरी और पेट्रोल की चोरी नशे के लिए आम बात हो गई है। वहीं इस मामले में टीआई रत्नेश यादव ने बताया कि लुटेरों की खोज में टीम लगाई गई है। जल्दी ही मामला ट्रेस हो जाएगा। क्षेत्र में पुलिस ने निगरानी भी बढ़ाई दी गई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter