बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली : पुलिस मामले को मान रही संदिग्ध, इधर ट्रेन से कटा अज्ञात युवक

Datia News : दतिया । कोतवाली थाना क्षेत्र के पंकज शुक्ला वाली गली में अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। इस घटना में घायल युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरे मामले को पुलिस संदिग्ध मान रही है। उसी एंगल से इसकी छानबीन भी की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार स्थानीय भरतगढ़ मोहल्ला तिवारी वाली गली निवासी सादिक खान पुत्र अब्दुल अपने चाचा के लड़के साहिल खान के साथ घर लौट रहा था। तभी बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने कट्टे से उसे गोली मार दी।

गोली युवक के दाएं पैर की एड़ी में लगी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि घायल युवक की सायनी मोहल्ले के किसी व्यक्ति से विवाद भी चल रहा था। वहीं पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले की स्थिति साफ हो सकेगी।

रेलवे लाइन पार करते समय युवक ट्रेन से कटा :  रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय घटित हुआ जब मृतक रेलवे लाइन पार कर रहा था। तभी वह छत्तीसगढ़ ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से युवक का सिर धड़ से अलग हो गया।

जिससे युवक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 35 साल बताई गई हैं। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं घटना के बाद जीआरपीएफ पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर उसे पीएम के लिए अस्पताल भेजा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!