बाइक सवार बदमाशों ने कालौनी में फैलाई दहशत : रात के समय गोलियों की आवाज सुनकर जाग पड़े लोग

Datia news : दतिया । शहर में आए दिन गोलीबारी की घटनाओं से लोग दहशत में है। रविवार रात हुई ऐसी ही एक घटना से कालौनी में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज सुनकर वहां के लोग जाग पड़े। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में न्यू हाउसिंग बोर्ड कालौनी की है।

अज्ञात बदमाशों की यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं इस घटना का इंटरनेट मीडिया पर वीडियो भी प्रसारित होने पर पुलिस हरकत में आई। जिसके बाद छानबीन शुरू की गई।

अमोल यादव पुत्र मलखान सिंह निवासी न्यू हाउसिंग बोर्ड कालोनी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बदमाश जल्दी ही पकड़ लिए जाएंगे।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए कोतवाली टीआई धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि तीन अज्ञात बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने न्यू हाउसिंग बोर्ड कालोनी में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। रात्रि के समय बदमाशों ने अमोल यादव के मकान के बाहर फायरिंग की और बाइक से निकल गए।

वहीं फरियादी अमोल सिंह यादव ने पुलिस को बताया कि रविवार 24 फरवरी की रात करीब साढे 11 बजे वह मुडियन के कुआं पर आरएसएस की मीटिंग में था। उनकी मां ने फोन पर बताया कि रात में घर के दरवाजे पर कुछ अज्ञात लोगो ने हवाई फायरिंग की है। घर पहुंचकर उन्होंने जानकारी ली।

जिसमें स्वजन ने बताया कि वह अज्ञात लोगों को देख नहीं पाए। घटना की जानकारी आसपास से भी ली गई। कोतवाली पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter