भांडेर। नगर के चिरगांव रोड स्थित एक ढाबे से रविवार सुबह एक शातिर चोर ने बेखौफ अंदाज में मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पूरी घटना ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। हैरानी की बात यह है कि चोरी के समय ढाबे के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन चोर आसानी से बाइक लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार हजारी मोहल्ला निवासी ढाबा संचालक तारिक पुत्र साबिर अली की होंडा शाइन मोटरसाइकिल (एमपी 32 एमडी 3138) ढाबे के अंदर खड़ी थी। रविवार सुबह करीब छह बजे एक अज्ञात युवक पैदल ढाबे के पास पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक वह पहले कुछ दूरी तक आगे गया और फिर वापस लौटकर ढाबे के अंदर प्रवेश कर गया।
आरोपित ने ढाबे के भीतर रखी गुल्लक से बाइक की चाबी निकाली और पूरी सहजता के साथ मोटरसाइकिल स्टार्ट कर ली। इसके बाद वह बाइक लेकर भांडेर की ओर रवाना हो गया। फुटेज में यह भी दिखाई दे रहा है कि घटना के दौरान ढाबे का एक कर्मचारी जाग गया था और उसने चोर को बाइक ले जाते हुए देखा, लेकिन किसी प्रकार का विरोध या शोर नहीं मचाया।
चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। घटना की जानकारी मिलने पर ढाबा संचालक तारिक ने भांडेर थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

