भोपाल और ग्वालियर में बर्ड वॉचिंग टूर, पर्यटकों ने देखीं 50 से अधिक पक्षी प्रजातियां : मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और अतावी बर्ड फाउंडेशन के आयोजन में 45 से अधिक पक्षीप्रेमी शामिल

ग्वालियर : मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा रविवार, 14 सितम्बर को भोपाल के बिसनखेड़ी और ग्वालियर के महाराजपुरा क्षेत्र में बर्ड वॉचिंग टूर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन अतावी बर्ड फाउंडेशन के सहयोग से किया गया था। इसमें देशभर से आए 45 से अधिक पक्षीप्रेमियों और पर्यटकों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने इस दौरान लगभग 50 से अधिक प्रजातियों के पक्षियों का नजदीकी अवलोकन किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मध्यप्रदेश पक्षी विविधता और प्राकृतिक धरोहर के लिए देश में विशेष पहचान रखता है। उनके अनुसार, बर्ड वॉचिंग जैसे आयोजन पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ-साथ सतत पर्यटन को बढ़ावा देने में भी सहायक हैं। साथ ही, इससे स्थानीय समुदायों को नए रोजगार अवसर मिलते हैं और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता भी बढ़ती है।

अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में हर मौसम में पक्षीप्रेमियों के लिए कुछ नया अनुभव देखने को मिलता है। उन्होंने बताया कि पर्यटन बोर्ड का उद्देश्य बर्ड टूरिज्म को प्रदेश की पहचान बनाना है, ताकि यहां आने वाले पर्यटक प्रकृति और जैव विविधता को नजदीक से जान सकें।

भोपाल के बड़े तालाब किनारे स्थित बिसनखेड़ी क्षेत्र में बर्ड गाइड अंकित मालवीय ने प्रतिभागियों को वायर टेल्ड स्वैलो, पाइड बुशचैट, ग्रे-हेडेड स्वाम्पहेन, स्पॉटेड डव और इंडियन पैराडाइज फ्लाईकैचर सहित कई दुर्लभ प्रजातियां दिखाईं। वहीं ग्वालियर के महाराजपुरा में बर्ड गाइड विवेक वर्मा ने पक्षियों की 50 से अधिक प्रजातियों पर जानकारी दी और उनके व्यवहार व पारिस्थितिकी पर प्रकाश डाला।

हर माह होंगे आयोजन : पर्यटन बोर्ड द्वारा प्रत्येक माह बर्ड वॉचिंग टूर आयोजित किए जाएंगे। इस क्रम में आगामी टूर 21 सितम्बर को छिंदवाड़ा और भोपाल में तथा 28 सितम्बर को नरसिंहगढ़ के चिड़ीखो क्षेत्र में होंगे। इच्छुक प्रतिभागी वर्तमान में खुली बुकिंग के माध्यम से इन आयोजनों में भाग लेकर मध्यप्रदेश की पक्षी विविधता का अनुभव कर सकते हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!