दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच चुनावी प्रचार के दौरान एक ऐसा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जिसने पूरे जिले में चर्चा का विषय बना दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी गांव में जनसंपर्क और नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी अपने समर्थकों के साथ वहां से गुजर रहे थे। जीतू पटवारी ने उन्हें मंच से ही आवाज लगाई और पास आने का आग्रह किया। इसके बाद जो हुआ, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दूर से नमस्कार, फिर मंच पर बुलाकर थमाया माइक : सभा को संबोधित कर रहे जीतू पटवारी ने जैसे ही आशुतोष तिवारी को वहां से गुजरते देखा, उन्होंने माइक से उन्हें “जय माई की” कहकर संबोधित किया। जवाब में आशुतोष तिवारी ने भी दूर से हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इस पर जीतू पटवारी ने मुस्कुराते हुए कहा, “दूर-दूर से क्यों जा रहे हो, पास आइए… ऐसे नहीं चलेगा। पहली बार यहां चुनाव लड़ रहे हैं, लोगों से मिलिए।” इसके बाद आशुतोष तिवारी मंच के पास पहुंचे, जहां जीतू पटवारी ने उन्हें अपना माइक थमा दिया।
आशुतोष ने मांगा भाजपा के लिए आशीर्वाद : माइक मिलने पर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि “हमारी विचारधाराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन पारिवारिक रिश्ते और पुराने मित्रों का सम्मान हमेशा बना रहेगा। मैं भी आप सबसे आग्रह करता हूं कि अपना आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को दें।” उनके इतना कहते ही सभा में मौजूद लोगों के बीच हल्की मुस्कान और तालियां गूंज उठीं।
जीतू का तंज, समर्थकों की प्रतिक्रिया : आशुतोष तिवारी के बोलने के बाद जीतू पटवारी ने मुस्कुराते हुए दोबारा माइक संभाला और कहा कि “आशीर्वाद मांगना उनका अधिकार है।” इसके बाद उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से पूछा कि “क्या आपने इससे पहले आशुतोष तिवारी को यहां देखा है?”
इस पर सभा में मौजूद लोगों ने हाथ नहीं उठाए। जीतू ने कहा कि “यहां आपको कोई जानता नहीं।” हालांकि आशुतोष तिवारी ने जवाब देते हुए कहा कि उनका बचपन से दतिया से जुड़ाव रहा है, लेकिन सभा में मौजूद कई कांग्रेस समर्थकों ने उनकी इस बात से असहमति जताई। इसके बाद आशुतोष तिवारी वहां से रवाना हो गए।
चुनावी माहौल में चर्चा का विषय बना घटनाक्रम : दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस की सभा में भाजपा प्रत्याशी का पहुंचना, मंच से संवाद होना और फिर दोनों नेताओं के बीच हल्के-फुल्के राजनीतिक तंज देखने को मिलना पूरे चुनावी माहौल का चर्चित घटनाक्रम बन गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक गलियारों में इसकी खूब चर्चा हो रही है।

