दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद आशुतोष तिवारी ने रविवार को मां पीतांबरा पीठ पहुंचकर पूजा-अर्चना की और चुनावी अभियान की शुरुआत की। दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की एकजुटता और दतिया के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया। इस दौरान उन्होंने कहा, “दतिया के विकास के लिए हम सब साथ हैं।”

पीतांबरा पीठ परिसर में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आशुतोष तिवारी का स्वागत किया। उनके साथ सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे। दर्शन के बाद उन्होंने मां पीतांबरा का आशीर्वाद लेकर चुनाव में जनता की सेवा का संकल्प दोहराया।
“मां ने सेवा का अवसर दिया” : कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आशुतोष तिवारी ने कहा कि यह अवसर उनके लिए जिम्मेदारी और सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि दतिया के विकास की यात्रा को और आगे बढ़ाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया जाएगा।

उन्होंने पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में शुरू हुए विकास कार्यों की गति बनाए रखना और नई योजनाओं को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और संगठन के सहयोग से दतिया के समग्र विकास के लिए कार्य किया जाएगा।
भाजपा की रणनीतिक बैठक में चुनावी तैयारियों पर मंथन : पीतांबरा पीठ कार्यक्रम के बाद शहर के होटल रतन रॉयल में भाजपा की महत्वपूर्ण कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्यप्रदेश भाजपा प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रभारी मंत्री एदल सिंह कंसाना, सांसद संध्या राय, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, संभाग प्रभारी अभय यादव, जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक में बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान, संगठनात्मक समन्वय और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
नाराज कार्यकर्ताओं से संवाद पर भी जोर : बैठक के दौरान हाल के दिनों में नाराज हुए कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर उन्हें पुनः संगठन के साथ सक्रिय रूप से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने संगठन की एकजुटता को चुनाव की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से मतभेद भुलाकर भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में अब भाजपा, कांग्रेस और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। नामांकन प्रक्रिया जारी है और आने वाले दिनों में सभी दलों का चुनाव प्रचार और तेज होने की संभावना है।

