बडौनी नगर परिषद पर भाजपा का कब्जा, कमलेश अध्यक्ष व कुसुमा कुशवाह निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गई

Datia News : दतिया। नगर परिषद् बड़ौनी में 10 अगस्त बुधवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। परिषद् में सभी 15 पार्षद भाजपा के ही हैं। इसलिए यहां भाजपा का ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्विरोध चुना जाना लगभग तय था। चुनाव प्रक्रिया एसडीएम ऋषि सिंघई की मौजूदगी में संपन्न हुई।

जिसमें वार्ड क्रमांक 3 से भाजपा पार्षद कमलेश अहिरवार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड क्रमांक 14 से भाजपा पार्षद कुसुमा कुशवाहा निर्विरोध चुनी गई। बडौनी नगर परिषद् में पहली बार ऐसा हुआ जब पूरी परिषद् में सिर्फ भाजपा के ही पार्षद चुनकर आए। यहां कांग्रेस व अन्य दलों को इस बार नगरीय निकाय चुनाव में भारी झटका लगा है।

जिले की यह पहली परिषद् है जहां सभी पार्षद एक ही पार्टी के हैं। यहां निर्दलीय और कांग्रेस से जीतकर कोई भी उम्मीदवार परिषद् में नहीं पहुंचा। नगर परिषद बड़ौनी में अध्यक्ष पद के लिए बुधवार सुबह 11 बजे से 12 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की शुरुआत हुइ। दोपहर 12 बजे से 12.15 बजे तक नाम निर्देशन पत्राें की संवीक्षा की गई। इस दौरान सिर्फ एक ही नामांकन वार्ड क्रमांक 3 से भाजपा पार्षद कमलेश अहिरवार द्वारा ही भरा गया। जिसके बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए गए। जिसमें भी सिर्फ वार्ड क्रमांक 14 से भाजपा पार्षद कुसुमा कुशवाहा का नामांकन भरे जाने के कारण उन्हें निर्विरोध घोषित कर दिया गया।

अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को विधिवत प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान युवा नेता डा.सुकर्ण मिश्रा एवं डा.विवेक मिश्रा भी भाजपा पदाधिकारी व पार्षदों के साथ मौजूद रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!