दतिया । कोविड आईसीयूू में जबरन घुसकर भाजपा नेत्री द्वारा अपने परिजनों के साथ हंगामा करने का मामला सामने आया है। हंगामे के दौरान उक्त लोगों ने वहां मौजूद डॉ. हेमंत जैन के साथ अभद्रता की और उन्हें देख लेने की धमकी दी। इस मामले में डॉ. हेमंत जैन ने कलेक्टर संजय कुमार सहित सभी वरिष्ठों को अवगत कराया दिया है। उन्होंने कोरोना काल में इस तरह की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा दिए जाने की मांग गृहमंत्री डाॅ.नरोत्तम मिश्रा से की है। ताकि दिन रात कोरोना संक्रमितों के उपचार में लगे चिकित्सक अपने को सुरक्षित महसूस कर सकें।
देखिए यह वीडियो जिसमें घटना के बारे में डॉ. हेमंत जैन ने दी जानकारी
इस मामले में डॉ. हेमंत जैन ने अपना बयान भी जारी किया है। जिसमें बताया गया है कि स्थानीय तिगैलिया निवासी रेखा गंगोटिया पत्नी राजेन्द्र गंगोटिया 58 वर्ष को लेकर भाजपा नेत्री सुलक्षणा गांगोटिया और उनके 5-6 परिजन कोविड आईसीयू वार्ड में जबरन घुस आए। जबकि उनके पास मरीज के पॉजिटिव होने की रिपोर्ट भी नहीं थी। बताया जाता है महिला मरीज रेखा गांगोटिया प्राइवेट उपचार ले रही थीं।
महिला को लेकर आई सुलक्षणा गांगोटिया और उनके साथ आए लोगों के कहने पर डॉ. जैन ने मरीज को देखा तो वह मृत हो चुका था। उन्होंने इस बारे में परिजनों को बताया तो उक्त लोगों ने उनसे दोबार फिर परीक्षण करने की जिद की। डॉ.जैन ने दो-तीन बार देखने के बाद भी उन्हें बताया कि महिला की मौत हो चुकी है।
इस पर भी उक्त लोग नहीं माने और डा. हेमंत जैन पर ही भड़क गए। मृतक महिला के परिजनों ने उन्हें गाली-गलौंच करते हुए अभद्रता की। इस दौरान आईसीययू में हंगामा मचा रहे भाजपा नेत्री और उनके साथियों ने डॉ. जैन को चौराहे पर मारने की धमकी तक दे डाली।
इस घटना के बारे में डॉ. जैन ने कलेक्टर संजय कुमार सहित सभी वरिष्ठजन को अवगत कराते हुए सुरक्षा की मांग की है। इस मामले की सूचना पर कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस हंगामे के बाद चिकित्सकों में भय का माहौल है। कोरोना संक्रमण काल में दिन रात मरीजों की सेवा में जुटे चिकित्सकों के साथ इस तरह के व्यवहार की निंदा की जा रही है।

