भाजपा अभी भी सुधर जाए नहीं तो जनता ठीक कर देगी, जनजागरण यात्रा में बोले पूर्व सीएम दिग्गी, उपरांय में निकाली रामधुन प्रभातफेरी

Datia News : दतिया । कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सोमवार सुबह ग्राम उपरांय में रामधुन प्रभातफेरी के साथ निकले। इससे पूर्व रविवार देर शाम दिग्गी दतिया के ग्राम बिलोनी व खदरावनी पहुंचे।

जहां उन्होंने ग्रामीणों से जनसंवाद किया। इसके बाद उन्होंने रात्रि विश्राम ग्राम उपरांय में कांग्रेस नेता उचाड़िया के निवास पर किया। सोमवार सुबह उपरांय में महिला व पुरुष काफी संख्या में एकत्रित हुए। जहां से गांधी टोपी धारण कर दिग्विजय सिंह अन्य कांग्रेस नेता और ग्रामीणों के साथ रामधुन प्रभात फेरी पर निकले।

प्रभातफेरी में गांव की महिलाएं भी शामिल हुई। जो आगे-आगे कलश पर दीप प्रज्ज्वलित कर चल रही थी। साथ में मंजीरा व हारमोनियम बजाते चल रहे युवाओं ने प्रभातफेरी में उत्साह से भाग लिया।

इसके बाद उपरांय में जनसंवाद के दौरान उन्होंने जबरदस्त तरीके से भाजपा के नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहाकि भाजपा अभी भी सुधर जाए नहीं तो जनता उन्हें ठीक कर देगी। इसके बाद जगजागरण यात्रा उपरांय, सिनावल तथा सोनागिर होते हुए बड़ौनी पहुंची।

बड़ौनी में भी सभा का आयोजन किया गया। सभा में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहाकि आरएसएस के लोग हैं, जो दमन करना जानते हैं।

कांग्रेसियों व अन्य लोगों पर झूठे मुकदमे लगाना बंद कर दें, वरना अब कांग्रेस आ रही है। उन्होंने मंच से ही भाजपा को खुली चुनौती देते हुए कहाकि भाजपा का नकली चेहरा उजागर हो गया है।

इस दौरान सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा सहित अन्य कई नेताओं ने भी मंच से संबोधित किया। इससे पूर्व जनजागरण यात्रा का ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह स्वागत किया गया।

दिग्गी का बुंदेली परंपरा से स्वागत भी किया गया। सभी कांग्रेसियों ने यात्रा में गांधी टोपी धारण की हुई थी। इसके बाद दिग्विजय सिंह छतरपुर के लिए देर शाम को रवाना हो गए। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, विधायक व कार्यकर्तागण उनके साथ रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter