दतिया । जिन योजनाओं के तहत कार्य चल रहे है उनमें गति लाई जाए और समयावधि में पूर्ण किए जाए । जो ठेकेदार गुणवत्ता पूर्ण कार्य नहीं कर रहे हों उन्हें नोटिस देकर गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने के लिए कहा जाएं, यदि फिर भी कार्य ठीक नहीं हुआ तो उन्हें ब्लैक लिस्ट किया जाए । यह निर्देश सांसद संध्या राय ने जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति ‘दिशा’ की बैठक में मंगलवार को न्यू कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों को दिए। बैठक में सांसद ने अधिकारियों से विभागवार जिले में हो रहे विकास कार्य एवं शासन की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्तर पर हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर कलेक्टर संजय कुमार, वनमण्ड़लाधिकारी प्रियांशी सिंह राठौर, सीईओ गुर्जर, एसडीएम दतिया व भांडेर सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। बैठक में सांसद राय द्वारा जिला पंचायत की समीक्षा करते हुए गौ-शाला निर्माण एवं रोजगार गारंटी योजना, मनरेगा के तहत चल रहे कार्यो की समीक्षा की गई । उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा में इनके लक्ष्य पूर्ण किए जाए। उन्होंने बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत् जिन हितग्राहियों को अभी तक आवास नहीं मिले और वह सूची में पात्र पाए जाते है उन्हें आवास शीघ्र ही स्वीकृत किए जाए ताकि शासन की मंशानुसार सबको अपना पक्का मकान मिल सके। इसी प्रकार उन्होंने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि नमांतरण, बटवारा, सीमांकन के प्रकरणों का भी शिविर लगाकर निराकरण किया जाए।
महेबा, मुरेरा पहुंचकर समूह की महिलाओं से मिली
सांसद संध्या राय दतिया प्रवास के दौरान ग्राम महेबा, मुरेरा पहुंची। जहां उन्होंने राज्य डे आजीविका मिशन तहत चल रहे समूह के कार्यो को देखा और महिलाओं से चर्चा की। चर्चा के दौरान उन्होंने किशोरी बाई से जानकारी हांसिल की कि समूह के कार्य किस प्रकार से चलाए जा रहे हैं। समूह से चर्चा करते हुए सांसद ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन महिलाओं को और काम दिया जाए जिससे समूह बराबर काम करता रहे और इन्हें फायदा भी हो सके।

