ब्लेकमेल कर महिला का किया यौन शोषण : प्लाट दिलाने के बहाने घर में आता-जाता था युवक, पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट

Datia news : दतिया। इंदरगढ़ नगर परिषद के वार्ड क्रमांक दो की पार्षद के देवर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। 28 वर्षीय पीड़िता ने कामद रोड इंदरगढ़ निवासी सुरेंद्र परिहार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

जिसमें पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में वह पति के साथ किराए के मकान में रहती थी। उन्होंने एक प्लाट के बारे में जानकारी को लेकर आरोपित सुरेंद्र से संपर्क किया था।

इसी दौरान आरोपित का उनके घर में आना जाना शुरु हो गया। इस बीच गत 25 दिसंबर 2022 को आरोपित पीड़िता के घर में अचानक आ धमका। जहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म कर उसे जान से मारने की धमकी दी।

इस घटना के बाद से आरोपित लगातार पीड़िता को प्रताड़ित करता रहा। अगस्त 2023 में भी उसने महिला के घर आकर उसके साथ जबरन संबंध बनाएं। इससे पीड़िता गर्भवती हो गई थी।

आरोपित की धमकी से डर जाने के कारण पीड़िता ने लंबे समय तक किसी को कुछ नहीं बताया। आरोपित द्वारा उसे बदनाम करने की धमकी देकर लगातार परेशान किया जा रहा था।

जिसके बाद उसने सोमवार रात थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter