कबड्डी खेलकर लौट रहे युवकों का रास्ता रोककर खूनी संघर्ष : लाठी-डंडों से मारपीट के बाद फायरिंग का आरोप; एक युवक गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती

दतिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोपरा के पास रविवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक टकराव में दोनों ओर से तीन से चार लोगों के घायल होने की खबर है। एक पक्ष ने विरोधी गुट पर खुलेआम कट्टे से फायरिंग करने का भी संगीन आरोप लगाया है, जिसमें एक युवक को गोली लगने की बात सामने आ रही है। घायल को आनन-फानन में जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

कबड्डी खेलकर लौटते समय रास्ता रोककर पीटने का आरोप : घटना को लेकर दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं:

लरायटा पक्ष का बयान: लरायटा गांव के युवकों का कहना है कि वे पास के खरख गांव से कबड्डी मैच खेलकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे चोपरा गांव के नजदीक पहुंचे, गेवरा गांव के कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए अचानक हमला बोल दिया।

गेवरा पक्ष का दावा व फायरिंग का आरोप: वहीं, दूसरे पक्ष (गेवरा निवासी) का कहना है कि उनके दो युवक गांव से दतिया शहर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान लरायटा निवासी लालू यादव, शिवम यादव और करीब आधा दर्जन अन्य लोगों ने उन्हें रास्ते में घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की।

गोली लगने से घायल हुआ युवक; डॉक्टरों ने एक्स-रे तक साधी चुप्पी : विवाद और मारपीट के दौरान 28 वर्षीय विकास (पुत्र मोहर सिंह यादव) गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का दावा है कि विकास को गोली लगी है। लहूलुहान हालत में उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि गोली के छर्रे या बुलेट की वास्तविक स्थिति मेडिकल एक्स-रे रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने शुरू की जांच, दोनों पक्षों से पूछताछ जारी : वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके और अस्पताल पहुंचा। सिविल लाइन थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट और विवाद की जानकारी मिली है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं, पुरानी रंजिश और फायरिंग के आरोपों की गहनता से जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार नामजद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!