जुआ खिलाने को लेकर दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, आधा दर्जन घायल, एक पक्ष ने फायरिंग कर दहशत फैलाई, पुलिस ने मामला जांच में लिया

Datia News : दतिया। जुआ खिलाने को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के दौरान एक पक्ष ने बंदूक से फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस घटना का रविवार को वीडियो भी वायरल होता रहा। वहीं पुलिस इस मामले में फायरिंग होने की बात से मना कर रही है।

उनाव थाना क्षेत्र के ग्राम कामद में रंजिश के चलते खटीक और कुशवाह समाज के लोगों में गत दिवस देर शाम को झगड़ा हो गया है। झगड़ा बढ़ते ही दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर लाठियों से हमला बोल दिया। झगड़े का कारण जुआ खिलाने और उसके पैसों के लेनदेन को लेकर बताया जा रहा है।

झगड़े में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

घटना शनिवार की शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों में हथियारों का खुलकर कर प्रयोग हुआ है, किंतु पुलिस इस बात से मना कर रही है। इस झगड़े का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर रविवार को वायरल होता रहा।

जानकारी के अनुसार ग्राम कामद निवासी संजय खटीक एवं कमलेश कुशवाहा के बीच रंजिश चल रही है। शनिवार शाम संजय जब भांडेर उनाव रोड पर स्थित ढाबा पर बैठा था तो कमलेश कुशवाह हथियार लेकर वहां पहुंचा और संजय को गालियां देने लगा। इस दौरान संजय ढाबा से अपने घर चला गया।

इसके थोड़ी ही देर बाद कमलेश कुशवाहा अपने परिवार के ही सुरेश, विकास, बिट्टू, और उर्मिला के साथ संजय के घर पहुंचा। वहां पर सभी लोग हाथों में लाठी एवं अवैध हथियार लिए हुए थे, जो विवाद के दौरान गाली गलौज करने लगे।

इसी दौरान संजय के विरोध करने पर उक्त लोगों ने संजय, राजेंद्र, रामकिशोर, रत्ना एवं शोभाराम पर लाठियों से हमला कर घायल कर दिया। दूसरी ओर संजय के पक्ष के लोगों ने भी कमलेश, सुरेश, विकास, बिट्टू, पर लाठियों से हमला कर चोटें पहुंचाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़े के समय एक पक्ष की तरफ से फायरिंग भी की गई, किंतु उनाव पुलिस फायरिंग जैसी घटना से इंकार कर रही है। घटना के बाद दोनों पक्ष उनाव थाना पहुंचे। जहां पुलिस ने संजय पिता शोभाराम खटीक की रिपोर्ट पर सुरेश विकास बिट्टू उर्मिला एवं कमलेश जातिगण कुशवाह निवासी ग्राम कामद के विरोध एससी एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

दूसरी ओर कमलेश पिता मुनिया कुशवाहा की रिपोर्ट पर संजय, राजेंद्र, राजकिशोर, एवं रत्ना के विरोध मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

इस विवाद को लेकर उनाव थाना प्रभारी सेवाराम पालिया का कहना है कि थाना क्षेत्र के ग्राम कामद में कुशवाहा समाज और खटीक समाज के बीच पुराना विवाद चला आ रहा है, दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रास मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!