घर के बाहर नाली में मिला शव : रेत खदान कर्मी ने लाइसेंसी माउजर से खुद को मारी गोली, गांव में पसरा मातम

दतिया : जिले के सेवढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रसूलपुरा में रविवार दोपहर एक अधेड़ व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी लाइसेंसी माउजर से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हथियार को अपने कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, 46 वर्षीय जसराम गुर्जर अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान उसने अचानक लाइसेंसी माउजर से खुद पर फायर कर लिया। गोली लगते ही वह घर के पास बनी नाली में जा गिरा। परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक रेत कारोबार से जुड़ा हुआ था और भिंड जिले की एक निजी खदान में कार्यरत था। ग्रामीण क्षेत्र में उसकी पहचान एक पहलवान और मिलनसार व्यक्ति के रूप में थी। उसके निधन की खबर से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और परिचितों में भी शोक व्याप्त है।

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आत्मघाती कदम उठाने के पीछे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों और परिचितों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter