सनकुआं घाट पर नदी में मिला व्यक्ति का शव, पुलिस कर रही पहचान और जांच

दतिया। जिले के प्रसिद्ध सनकुआं घाट क्षेत्र में रविवार को एक व्यक्ति का शव सिंध नदी से बरामद होने के बाद क्षेत्र में हलचल का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर एक व्यक्ति नदी के समीप देखा गया था। कुछ समय बाद उसके पानी में होने की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रशासन को अवगत कराया। इसके बाद आपदा प्रबंधन दल ने मौके पर पहुंचकर खोज एवं बचाव अभियान चलाया।

काफी प्रयासों के बाद टीम ने व्यक्ति को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही घाट क्षेत्र में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है, हालांकि उसकी आधिकारिक पहचान अभी नहीं हो सकी है। पहचान स्थापित करने के लिए पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटा रही है।

पहचान के प्रयास जारी
सेवढ़ा एसडीओपी अजय चानना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हर पहलू की हो रही जांच
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मृतक की पहचान, उसके घाट क्षेत्र तक पहुंचने की परिस्थितियां और घटना के पीछे के कारणों को लेकर जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter