ससुराल आए युवक का घर के पीछे फंदे पर लटका मिला शव : छोटे भाई ने भाभी पर लगाया आरोप,बोला- ‘भैया ने फोन कर बताया था कि उन्हें बंधक बनाकर पीटा जा रहा है’ !

दतिया (सेवढ़ा)। नगर के वार्ड क्रमांक-6 स्थित अंगद कॉलोनी में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 40 वर्षीय युवक का शव उसकी ससुराल के मकान के पीछे फंदे पर झूलता मिला। मृतक की शिनाख्त कामता प्रसाद कुशवाह (पुत्र निवासी डमनापुरा, थाना रौन, जिला भिंड) के रूप में हुई है। युवक सोमवार की शाम अपनी पत्नी से मिलने ससुराल आया हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व परिजन मौके पर जुट गए।

‘फोन कर बताया था कि बंधक बनाकर पीट रहे हैं’: छोटे भाई के गंभीर आरोप : मृतक के छोटे भाई नरेंद्र सिंह कुशवाह ने अपनी भाभी और उनके साथियों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का सीधा आरोप लगाया है:

विवाद और अनबन: नरेंद्र के अनुसार कामता प्रसाद टिकिया के ठेले पर मजदूरी करता था। एक वर्ष पूर्व उसका विवाह हुआ था, लेकिन विवाद के चलते पत्नी ससुराल नहीं आ रही थी।

आखिरी कॉल: नरेंद्र ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे कामता ने फोन कर जानकारी दी थी कि पत्नी अपने एक साथी के साथ मिलकर उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीट रही है। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में उसकी हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव फंदे पर लटका दिया गया।

पत्नी का दावा: रात में विवाद के बाद घर से निकल गए थे पति : इधर, मामले में मृतक की पत्नी हेमलता का कहना है कि वह पिछले एक साल से मायके में अपनी मां गोमती कुशवाह के साथ रह रही थी। उसके अनुसार, कामता प्रसाद 14 सितंबर की शाम करीब 6 बजे ससुराल पहुंचे थे। रात में पारिवारिक बातों को लेकर विवाद हुआ, जिस पर उसने पति को अपने घर लौट जाने को कहा। इसके बाद कामता घर से निकल गए और मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उनका शव मकान के पीछे फंदे पर मिला।

थाने पहुंचे परिजन, निष्पक्ष जांच की मांग : घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सेवढ़ा थाने पहुंचकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में लिया और शासकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। सेवढ़ा थाना प्रभारी सुनील बनोरिया ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत व आरोपों को जांच में शामिल कर लिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!