नाले में उतराता मिला लापता हुई महिला का शव : कुछ घंटे पहले ही दर्ज हुई थी गुमशुदगी, पुलिस जांच में जुटी

Datia news : दतिया। घर से लापता विवाहिता का शव गुरुवार को नाले में उतराता हुआ पुलिस ने बरामद किया। आसपास के लोगों ने नाले से दुर्गंध आने की शिकायत की थी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब छानबीन कराई तो वहां से एक महिला का शव बरामद हुआ। जिसकी शिनाख्त 19 वर्षीय पूजा पत्नी श्यामसुंदर जाटव निवासी डबरा, हाल निवास इंदरगढ़ के रूप में की गई।

पुलिस के मुताबिक मृतका की गुमशुदगी उसके स्वजन ने दर्ज कराई थी। वहीं महिला का शव बरामद होते ही उसका पति और ससुराल पक्ष के लोग घर में ताला डालकर फरार हो गए।

इस मामले में मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि उसके पति और बहन बहनोई ने महिला की हत्या कर शव नाले में फैंक दिया। घटना को लेकर फिलहाल पुलिस छानबीन कर रही है। शव को पीएम के लिए इंदरगढ़ अस्पताल भेज दिया गया है।

नाले में उतराता रहा था शव : इंदरगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक सात सेवढ़ा रोड पर बने नाले में गुरुवार शाम विवाहिता का शव उतराता देख आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई। इस बारे में तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने नाले से शव निकलवाकर उसे पीएम के लिए भिजवाया।

पुलिस के मुताबिक मृतका का पति श्यामसुंदर पुत्र बाबूलाल जाटव की शादी इसी साल 20 मई को हुई थी। श्यामसुंदर इंदरगढ़ के सेवढ़ा रोड पर किराए के मकान में रहकर वहां मजदूरी करता है। मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि गत 19 जुलाई को श्यामसुंदर ने फोन कर उन्हें बताया था कि पूजा घर से कही चली गई है। जिसका पता नहीं लग रहा है।

अगले दिन 20 जुलाई गुरुवार को जब वह लोग इंदरगढ़ पहुंचे और महिला की तलाश की। जब कुछ पता नहीं लगा तो थाने में पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई। गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ घंटे बाद ही महिला का शव नाले से बरामद हुआ। जिसकी पहचान उसके कपड़ों से स्वजन ने की।

मायके वालों का आरोप हत्या की गई : नाले से शव मिलते ही मृतका का पति फरार हो गया। इस मामले में मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि पति सहित उसके बहन बहनोई ने मिलकर पूजा की जान ली है।

यह तीनों ही इंदरगढ़ में रहते थे। मायके पक्ष के आरोप को देखते हुए पुलिस ने हत्या वाले एंगल से जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में टीआई धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतका के पति पर हत्या कर शव को नाले में फैंकने के आरोप लगाए हैं। इसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। पीएम होने के बाद ही मौत के कारणों के बारे पता चल सकेगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter